GautambudhnagarGreater noida news

यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय, साइट-5 कासना में सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने उद्योग संगठनों के साथ की बैठक, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास एवं समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय, साइट-5 कासना में सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने उद्योग संगठनों के साथ की बैठक, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास एवं समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह के गौतम बुद्ध नगर आगमन पर यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय, साइट-5, कासना में औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ एक औपचारिक बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ), गौतम बुद्ध नगर सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों से अवगत कराया।बैठक के उपरांत डॉ. बलकार सिंह ने ईपीआईपी (EPIP) औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया तथा वहाँ स्थित कुछ औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर उद्यमियों से सीधे संवाद स्थापित किया और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया।इस अवसर पर डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं निवेश-अनुकूल बनाना है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यूपीसीडा उद्योगों के विकास को गति देने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा पारदर्शी एवं सरल प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। औद्योगिक संगठनों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने डॉ. बलकार सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि यूपीसीडा द्वारा विगत वर्षों में गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवेश द्वार, सड़क निर्माण, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, कियोस्क, वेंडिंग ज़ोन, सार्वजनिक शौचालय, श्रमिक सुविधा केंद्र तथा मालवाहक वाहनों के लिए पार्किंग जैसी अनेक आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया गया, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान एवं कार्य वातावरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ।उन्होंने कहा कि मार्च 2026 के बाद विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। ड्रेनों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं अनुरक्षण कार्य प्रभावित होने के कारण हल्की वर्षा में भी औद्योगिक क्षेत्रों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।आईबीए अध्यक्ष ने बैठक में प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक एवं कवरयुक्त आरसीसी ड्रेनेज प्रणाली का निर्माण, सीवरेज व्यवस्था का संचालन, पेयजल पाइपलाइन एवं पानी की टंकियों की स्थापना, अधूरी सड़कों का निर्माण, ग्रीन बेल्ट का विकास, नियमित साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, सीसीटीवी , ट्रांसपोर्ट पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, श्रमिक सुविधाएँ तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से सभी अनुमतियों एवं एनओसी की ऑनलाइन एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि गौतम बुद्ध नगर में एसीईओ स्तर के सक्षम अधिकारी की नियमित तैनाती की जाए, जो सप्ताह में कम से कम तीन दिन उपलब्ध रहकर स्थानीय स्तर पर निर्णय ले सकें। साथ ही प्रत्येक माह अथवा प्रत्येक 15 दिन में उद्योग संगठनों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विकास कार्यों की प्रगति एवं समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाए।अंत में अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन सदैव सकारात्मक सहयोग, समन्वय एवं संवाद में विश्वास रखती है। हमारा उद्देश्य केवल समस्याएँ उठाना नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ मिलकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। हमारा लक्ष्य गौतम बुद्ध नगर के सभी यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्रों को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुरक्षित एवं निवेश-अनुकूल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा डॉ. बलकार सिंह ने औद्योगिक संगठनों द्वारा उठाए गए सभी सुझावों एवं मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के साथ कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, यूपीसीडा साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र रावल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button