GautambudhnagarGreater noida news

आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं “मंथन एवं ओरिएंटेशन संगोष्ठी” का सफल आयोजन

आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं “मंथन एवं ओरिएंटेशन संगोष्ठी” का सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा । इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), ग्रेटर नोएडा चैप्टर द्वारा रॉयल हैबिटेट सेंटर,ग्रेटर नोएडा में 34वीं “मंथन एवं ओरिएंटेशन संगोष्ठी” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवगठित चैप्टर कार्यकारिणी का औपचारिक परिचय, उद्योगों के समक्ष वर्तमान चुनौतियों पर विचार-विमर्श तथा प्रशासन एवं उद्योगों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि ईएसआईसी के बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा रहे। स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विषयों पर जीआईएमएस एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह ने की। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 में चैप्टर उद्योगों की समस्याओं के समाधान, प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय, सदस्य सेवाओं के विस्तार तथा औद्योगिक विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। इस अवसर पर नवगठित चैप्टर टीम, पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का परिचय भी कराया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी ने नवीन श्रम संहिताओं, श्रम विभाग की योजनाओं एवं औद्योगिक संबंधों पर विस्तार से प्रकाश डाला।इस अवसर पर आईआईए की ओर से उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें वेतन पुनरीक्षण के पश्चात उद्योगों पर बढ़े आर्थिक भार, कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की उपलब्धता, श्रमिक प्रशिक्षण, औद्योगिक क्षेत्रों के निकट श्रमिक आवास, औद्योगिक शांति बनाए रखने, असामाजिक तत्वों एवं बाहरी हस्तक्षेप पर प्रभावी नियंत्रण तथा उद्योगों की विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सुझाव सम्मिलित थे।कार्यक्रम में ईएसआईसी के बीमा आयुक्त श प्रणय सिन्हा ने कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESIC) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। आईआईए द्वारा उन्हें भी ज्ञापन सौंपते हुए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआईसी चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तथा उद्योगों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने का अनुरोध किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जीआईएमएस के निदेशक ब्रिग.डॉ.राकेश गुप्ता गौतमबुद्धनगर की भूमिका की सराहना करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएँ, औद्योगिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही आईआईए एवं देवधरा हॉस्पिटल के मध्य हुए एमओयू (MoU) का उल्लेख करते हुए उद्योगों एवं उनके कर्मचारियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।कार्यक्रम के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं समस्याएँ प्रशासन के समक्ष रखीं।

गोविंदराम चौधरी ने अनमोल बिस्कुट्स में बाहरी तत्वों से प्रभावित श्रमिक यूनियन द्वारा किए जा रहे अनावश्यक उत्पीड़न एवं औद्योगिक कार्यों में उत्पन्न बाधाओं का मुद्दा उठाते हुए ऐसे मामलों में श्रम विभाग से प्रभावी एवं त्वरित हस्तक्षेप की आवश्यकता व्यक्त की।

इसी क्रम में संजय जय सिंह ने सुझाव दिया कि आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर स्तर पर एक लीगल एक्सपर्ट सर्विस/लीगल हेल्प सेल की स्थापना की जाए, जिससे सदस्य उद्योगों को श्रम कानूनों, वैधानिक अनुपालन, औद्योगिक विवादों एवं अन्य कानूनी विषयों पर विशेषज्ञ परामर्श एवं समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस सुझाव का उपस्थित उद्यमियों ने स्वागत किया।आईआईए के केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य (CEC) विशारद गौतम तथा डिवीजनल चेयरमैन राकेश बंसल ने संगठन की भावी कार्ययोजना, सदस्य सहभागिता तथा उद्योग हितों की रक्षा हेतु सभी उद्यमियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में IDFC FIRST Bank एवं Astro Enterprises (अधिकृत Tata Solar एजेंसी) का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। आईआईए ने दोनों संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उद्योगों के विकास में उनके योगदान की सराहना की।संगोष्ठी के दौरान उद्योग जगत एवं प्रशासन के मध्य एक ओपन हाउस (Open House) सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्यमियों ने श्रम कानूनों, औद्योगिक शांति, ईएसआईसी सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, कौशल विकास, बैंकिंग, वित्तीय सहयोग तथा औद्योगिक अवसंरचना से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए यथासंभव शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने कहा कि आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर का उद्देश्य केवल उद्योगों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ सतत संवाद एवं समन्वय स्थापित कर उनके व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, श्रमिक कल्याण तथा निवेश के अनुकूल वातावरण के लिए उद्योग, प्रशासन, चिकित्सा संस्थानों एवं वित्तीय संस्थाओं के बीच निरंतर सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान नवगठित चैप्टर की आगामी वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई, जिसके अंतर्गत श्रम कानून जागरूकता कार्यक्रम, ईएसआईसी एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, उद्योग सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, चैप्टर स्तर पर लीगल एक्सपर्ट सर्विस, बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम, हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) को बढ़ावा, युवा उद्यमी विकास कार्यक्रम तथा नियमित “मंथन” संगोष्ठियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सचिव हिमांशु पाण्डेय ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, प्रायोजकों एवं उपस्थित उद्यमियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा सभी से राष्ट्रगान के लिए खड़े होने का अनुरोध किया।राष्ट्रगान के उपरांत चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने नवगठित कार्यकारिणी एवं सभी अतिथियों को नए कार्यकाल (2026-27) के शुभारंभ के उपलक्ष्य में आयोजित केक कटिंग समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। उत्साहपूर्ण वातावरण में केक काटकर नए कार्यकाल का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों एवं 70 से अधिक उपस्थित उद्यमियों ने परस्पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चाय एवं अल्पाहार के साथ विचार-विमर्श किया।कार्यक्रम में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह, मानद सचिव हिमांशु पाण्डेय, कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य (CEC) विशारद गौतम, आईआईए नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता, जे. एस. राणा, विपिन महाना, राजीव सूद सहित ग्रेटर नोएडा, नोएडा एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से 70 से अधिक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रायोजकों एवं उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए आईआईए ने उद्योगों के सर्वांगीण विकास, औद्योगिक सौहार्द, प्रशासन के साथ रचनात्मक समन्वय तथा सदस्य हितों की निरंतर रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button