हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर की आम सभा बुधवार को अध्यक्ष मनोज भाटी (बोडाकी) एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। सभा का संचालन सचिव शोभाराम चन्दीला एडवोकेट द्वारा किया गया। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर पिछले लगभग 40 वर्षों से चल रहे आंदोलन पर चर्चा की गई।अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना जनहित से जुड़ा मुद्दा है, जिससे करोड़ों वादकारियों को न्याय पाने में सहूलियत मिलेगी। बैठक में लखनऊ में आंदोलनरत अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए रोष व्यक्त किया गया। अधिवक्ताओं ने इसे अवमानवीय और बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया।इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एडीएम मंगलेश दुबे को सौंपा। ज्ञापन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीघ्र हाईकोर्ट बेंच की स्थापना, लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, घायल अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता तथा जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं उन्हें नए चैंबर उपलब्ध कराने की मांग की गई।अधिवक्ताओं ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।




