GautambudhnagarGreater noida news

रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट द्वारा बिहारी लाल इंटर कॉलेज में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली आर्थिक रूप से कमजोर 100 छात्राओं को साइकिलों का किया वितरण 

रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट द्वारा बिहारी लाल इंटर कॉलेज में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली आर्थिक रूप से कमजोर 100 छात्राओं को साइकिलों का किया वितरण 

ग्रेटर नोएडा । रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं जरूरतमंद सहायता अभियान के अंतर्गत बिहारी लाल इंटर कॉलेज में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली आर्थिक रूप से कमजोर 100 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायी एवं समाजसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ,विद्यालय की छात्राओं नेअतिथियों के सम्मान में स्वागत गान गया तथा विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब से रोटेरियन डॉ. अमिता महेंद्रु, रोटेरियन डॉ. अनिल महेंद्रु, रोटेरियन डॉ. ललित खन्ना, रोटेरियन अशोक अग्रवाल, गवर्नर अभिषेक जिंदल, रोटेरियन अरुणा अग्रवाल, रोटेरियन सुरेंद्र शर्मा, रोटेरियन डॉ. धीरज भार्गव एवं रोटेरियन राजेंद्र गजानन विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से संरक्षक विनोद गोयल, विद्यालय समिति के अध्यक्ष कमल गोयल तथा प्रधानाचार्य महकार सिंह सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य महकार सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विद्यालय के गौरवशाली इतिहास एवं शैक्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की अनेक छात्राएँ आर्थिक अभाव एवं यातायात की कठिनाइयों के कारण शिक्षा प्राप्त करने में बाधाओं का सामना करती हैं। ऐसे में रोटरी क्लब द्वारा प्रदान की गई साइकिलें छात्राओं के लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम हैं।अपने संबोधन में डॉ. अमिता महेंद्रु एवं रोटेरियन अशोक अग्रवाल ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्धारित करती है। उन्होंने कहा कि कोई भी बालिका केवल संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, यही रोटरी क्लब का उद्देश्य है। उन्होंने छात्राओं से पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।PDG डा० ललित खन्ना व गवर्नर अभिषेक जिंदल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि समाज के सक्षम वर्ग का यह दायित्व है कि वह जरूरतमंदों की सहायता हेतु आगे आए। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण किसी भी विकसित राष्ट्र की आधारशिला है और बालिकाओं को शिक्षित बनाकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर प्रसन्नता एवं आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने रोटरी क्लब एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में अत्यंत सुविधा होगी तथा उनकी शिक्षा निरंतर जारी रह सकेगी।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के संरक्षक विनोद गोयल ने सभी अतिथियों का विद्यालय में पधारने एवं 100 छात्राओं को साइकिल प्रदान करने हेतु हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा किया गया यह महान कार्य समाजसेवा एवं मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो न केवल छात्राओं के जीवन को सरल बनाएगा बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी देगा।अंत में अतिथियों द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं तथा समस्त विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस पुनीत कार्य का स्वागत किया। कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button