बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा दनकौर परियोजना क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों का किया गया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा दनकौर परियोजना क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों का किया गया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

गौतमबुद्धनगर।बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या सोनी द्वारा दनकौर परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत आज आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयोजित VHSND (Village Health Sanitation and Nutrition Day) सत्र का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के क्रम में दनकौर टाउन स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री कुशुमलता उपस्थित पाई गईं। उक्त केंद्र पर VHSND सत्र संचालित था, जिसमें केवल एक आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री ही उपस्थित थीं। केंद्र पर संचालित चार आंगनवाड़ी इकाइयों में से निरीक्षण के समय दो सहायिकाएँ उपस्थित पाई गईं तथा मात्र दो बच्चे ही उपस्थित थे।सत्र के दौरान महिला आरक्षी द्वारा बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के संबंध में जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या संकट की स्थिति में वे चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, उन्हें अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनके अनुभवों के बारे में भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि केंद्र पर आवश्यक सामग्रियों की समुचित उपलब्धता नहीं थी तथा केवल तीन से चार प्रकार की सामग्री ही उपलब्ध पाई गई।इसके उपरांत दनकौर क्षेत्र के अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें दनकौर सिलारपुर एवं भट्टा पारसौल स्थित केंद्र बंद पाए गए। किसी भी केंद्र पर PMMVY रजिस्टर एवं पोषाहार रजिस्टर उपलब्ध नहीं था। जिस केंद्र पर VHSND सत्र आयोजित था, वहाँ भी लाभार्थी सूची उपलब्ध नहीं पाई गई।संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा VHSND सत्र के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाएँ, जिससे लाभार्थियों को निर्धारित सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।




