GautambudhnagarGreater noida news

यीडा में बनेगा देश का मेगा एआई कंप्यूट हब, 25 बिलियन डॉलर का निवेश प्रस्ताव

यीडा में बनेगा देश का मेगा एआई कंप्यूट हब, 25 बिलियन डॉलर का निवेश प्रस्ताव

ग्रेटर नोएडा।उत्तर प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। एम/एस एएम ग्रुप और इन्वेस्ट यूपी (इन्वेस्ट यूपी ) के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा ) क्षेत्र में 1 गीगावॉट (जीडब्लू ) क्षमता वाला हाई-परफॉर्मेंस एआई कंप्यूट हब स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लगभग 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश का प्रस्ताव है। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। योजना के अनुसार वर्ष 2028 तक प्रथम चरण का संचालन शुरू होगा, जबकि वर्ष 2030 तक हब पूर्ण 1 गीगावॉट क्षमता के साथ कार्य करने लगेगा। यह सुविधा अत्याधुनिक डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस होगी, जिसमें लगभग 5 लाख हाई-परफॉर्मेंस चिपसेट्स स्थापित किए जाने की परिकल्पना है।यीडा द्वारा परियोजना के लिए सेक्टर 28 में 114 एकड़ और सेक्टर 8D में 175 एकड़, कुल 289 एकड़ भूमि हेतु लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया गया है। प्रस्तावित एआई कंप्यूट हब 24×7 कार्बन-फ्री हरित ऊर्जा—पवन, सौर एवं पम्प्ड स्टोरेज आधारित समाधान—से संचालित होगा, जिससे इसे पर्यावरण अनुकूल एवं सतत डेटा सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए यह हब वैश्विक हाइपरस्केलर्स, अनुसंधान संस्थानों, स्टार्टअप्स और उद्यमों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही, भारतीय डेवलपर समुदाय को अत्याधुनिक कंप्यूट संसाधनों और चिपसेट्स तक व्यापक पहुंच मिलने से घरेलू स्तर पर एआई नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।राज्य सरकार का मानना है कि यह परियोजना बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई ) आकर्षित करेगी और हजारों उच्च-कुशल रोजगार के अवसर सृजित करेगी। इसके अलावा, क्षेत्र में हार्डवेयर निर्माण, सॉफ्टवेयर विकास और उन्नत कूलिंग तकनीकों से जुड़ा एक मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित होने की संभावना है। एएम ग्रुप, जो ग्रीनको ग्रुप के संस्थापकों द्वारा समर्थित ऊर्जा संक्रमण एवं प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म है, सतत एवं कार्बन-न्यूट्रल समाधान विकसित करने के लिए जाना जाता है। ग्रीनको ग्रुप वर्तमान में देशभर में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। यीडा में प्रस्तावित यह एआई कंप्यूट हब उत्तर प्रदेश को भारत के प्रमुख एआई एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button