फोर्टिस ग्रेटर नोएडा में 84 वर्षीय मरीज का मित्राक्लिप से सफल उपचार
फोर्टिस ग्रेटर नोएडा में 84 वर्षीय मरीज का मित्राक्लिप से सफल उपचार
गंभीर हार्ट फेलियर और कई जटिलताओं के बावजूद बिना ओपन-हार्ट सर्जरी के मिली नई जिंदगी

ग्रेटर नोएडा। फोर्टिस हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा ने गंभीर हार्ट फेलियर से जूझ रहे 84 वर्षीय मरीज का मित्राक्लिप प्रक्रिया के जरिए सफल उपचार किया है। अस्पताल के अनुसार, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में इस तरह का यह पहला मामला है। अधिक उम्र, कमजोर हृदय और केवल एक गुर्दे के काम करने जैसी जटिल स्वास्थ्य स्थितियों के चलते मरीज के लिए पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी बेहद जोखिमपूर्ण थी।
मरीज को अस्पताल पहुंचने पर सांस फूलने, अत्यधिक कमजोरी और बार-बार हार्ट फेलियर की शिकायत थी। जांच में सामने आया कि उनका माइट्रल वाल्व ठीक से बंद नहीं हो रहा था, जिसके कारण रक्त पीछे की ओर रिस रहा था। इससे पहले से कमजोर हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था और उनका हृदय महज 30-35 प्रतिशत क्षमता से काम कर रहा था।
मरीज के हृदय में फरवरी 2026 में दो स्टेंट भी डाले गए थे। इसके अलावा उनका केवल एक गुर्दा काम कर रहा था, प्रोस्टेट बढ़ा हुआ था और गंभीर यूरिनरी संक्रमण भी था। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए डॉक्टरों ने ओपन-हार्ट सर्जरी के बजाय मिनिमली इनवेसिव मित्राक्लिप प्रक्रिया को चुना।
फोर्टिस ग्रेटर नोएडा के सीनियर कंसल्टेंट-कार्डियोलॉजी डॉ. हरनीश सिंह भाटिया के नेतृत्व में कार्डियोलॉजी टीम ने यह प्रक्रिया पूरी की। इसमें मरीज के पैर की रक्त वाहिका के रास्ते एक छोटी क्लिप को हृदय तक पहुंचाया गया। 3डी इमेजिंग तकनीक की मदद से MitraClip XTW G4 को लीक कर रहे माइट्रल वाल्व पर लगाया गया, जिससे वाल्व के रिसाव को कम करने में सफलता मिली।प्रक्रिया के दौरान किसी बड़ी जटिलता की सूचना नहीं मिली। उपचार के बाद मरीज की सांस फूलने समेत अन्य लक्षणों में सुधार देखा गया और उन्हें स्थिर अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका फॉलोअप कर रही है।
डॉ. हरनीश सिंह भाटिया ने कहा कि मरीज की उम्र, गंभीर हार्ट फेलियर, हाल में हुई कोरोनरी इंटरवेंशन और एक ही गुर्दे के काम करने के कारण यह बेहद चुनौतीपूर्ण मामला था। ऐसे हाई-रिस्क मरीज में ओपन-हार्ट सर्जरी जोखिमपूर्ण हो सकती थी। मित्राक्लिप तकनीक ने बिना सीने में चीरा लगाए वाल्व का उपचार करने का सुरक्षित और अपेक्षाकृत कम इनवेसिव विकल्प उपलब्ध कराया।फोर्टिस ग्रेटर नोएडा की फैसिलिटी डायरेक्टर बिंदु शर्मा ने कहा कि जटिल हृदय रोगों के उपचार में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञता और टीमवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल मरीजों को उनके घर के नजदीक उन्नत कार्डियक उपचार उपलब्ध कराने के लिए अपनी सेवाओं को लगातार मजबूत कर रहा है।फोर्टिस ग्रेटर नोएडा की इस सफलता को अत्यधिक जोखिम वाले हृदय रोगियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिनके लिए पारंपरिक सर्जरी के विकल्प सीमित हो सकते हैं।




