GautambudhnagarGreater noida news

दनकौर में गरजे आकाश आनंद, जेवर से सतबीर नागर को बसपा ने बनाया प्रत्याशी

दनकौर में गरजे आकाश आनंद, जेवर से सतबीर नागर को बसपा ने बनाया प्रत्याशी

दनकौर/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर गौतमबुद्ध नगर में सियासी हलचल तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को दनकौर के आदर्श इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा आयोजित कर अपने चुनावी अभियान का आगाज किया। बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित करते हुए जेवर विधानसभा सीट से सतबीर नागर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।जनसभा में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर रोजगार, शिक्षा, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, जबकि सरकार विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि बसपा अब सरकार के कामकाज का मुद्दावार रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी और जमीनी हकीकत बताएगी।महंगाई को लेकर आकाश आनंद ने कहा कि 2014 में करीब 400 रुपये में मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर आज करीब 1200 रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने पेट्रोल और डॉलर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।

उन्होंने मायावती सरकार के कार्यकाल में बने नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए भाजपा सरकार पर बसपा के विकास मॉडल की नकल करने का आरोप लगाया। आकाश आनंद ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार और बेहतर शिक्षा चाहता है, लेकिन उसे रोजगार के बजाय बेरोजगारी भत्ता और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं तक सीमित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्कूल बंद हुए हैं।आकाश आनंद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान और उनके संघर्ष का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तमाम परेशानियों के बावजूद बाबा साहब ने संघर्ष जारी रखा, संविधान का निर्माण किया और वंचित एवं गरीब वर्गों को अधिकार दिलाए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार और संविधान आज भी करोड़ों लोगों की ताकत हैं।जेवर विधानसभा सीट से सतबीर नागर को प्रत्याशी घोषित किए जाने को बसपा की महत्वपूर्ण राजनीतिक रणनीति माना जा रहा है। सतबीर नागर गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के बाद जेवर की राजनीतिक और आर्थिक अहमियत भी बढ़ी है।

कार्यक्रम को बसपा के पूर्व सांसद मुनकाद अली ने भी संबोधित किया। वहीं प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद सतबीर नागर ने बसपा सुप्रीमो मायावती और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।दनकौर की इस जनसभा के जरिए बसपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गौतमबुद्ध नगर में अपनी सक्रियता का स्पष्ट संकेत दिया है। सतबीर नागर की घोषणा के बाद जेवर विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button