GautambudhnagarGreater noida news

श्री धार्मिक रामलीला में लंका दहन से रावण वध तक का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

श्री धार्मिक रामलीला में लंका दहन से रावण वध तक का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

ग्रेटर नोएडा। श्री धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित भव्य रामलीला एवं दशहरा महोत्सव 2026 में सोमवार को लंका दहन, रामसेतु निर्माण, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, कुंभकर्ण वध और रावण वध की मनमोहक लीलाओं का मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम और माता सीता के जयकारों से पूरा रामलीला परिसर गूंज उठा।
परम पूज्य गोस्वामी सुशील महाराज के दिशा-निर्देशन और युवा अध्यक्ष आनंद भाटी के मार्गदर्शन में आयोजित रामलीला में हनुमान जी द्वारा अशोक वाटिका उजाड़ने, रावण के पुत्र अक्षय कुमार का वध करने और मेघनाद द्वारा उन्हें ब्रह्मास्त्र से बांधकर रावण के दरबार में ले जाने का दृश्य प्रभावशाली रहा। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई गई, जिसके बाद बजरंगबली ने पूरी लंका में आग लगाकर रावण की शक्ति और अहंकार को चुनौती दी।इसके बाद प्रभु श्रीराम की समुद्र से प्रार्थना, रामसेतु निर्माण और वानर सेना के लंका पहुंचने का मंचन हुआ। अंगद ने रावण के दरबार में दूत बनकर उसे समझाने का प्रयास किया और अपने पैर को उठाने की चुनौती देकर रावण के अहंकार को उजागर किया। अंगद ने रावण को संदेश दिया कि उसे उनके पैरों में नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के चरणों में गिरकर क्षमा मांगनी चाहिए।
युद्ध के मंचन ने बांधा समां
संधि का प्रयास विफल होने के बाद राम और रावण की सेनाओं के बीच भीषण युद्ध शुरू हुआ। युद्ध के दौरान मेघनाद का वध लक्ष्मण जी ने किया, जबकि कुंभकर्ण प्रभु श्रीराम के हाथों मारा गया। अंत में प्रभु श्रीराम ने रावण का वध कर अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया। इन दृश्यों के दौरान दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।संस्था के अध्यक्ष आनंद भाटी ने बताया कि रामलीला का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्शों से जोड़ना भी है। इस वर्ष का दशहरा महोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए यादगार और संस्कारों को आगे बढ़ाने वाला आयोजन बन रहा है।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सांसद गौतमबुद्ध नगर डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह और अंतरराष्ट्रीय कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज सहित संस्था के संस्थापक गोस्वामी सुशील महाराज, राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, हरवीर मावी, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता, संरक्षक सुशील नागर, धीरेंद्र भाटी, धीरज शर्मा, बालकिशन सफीपुर, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, मनोज गुप्ता, सतीश भाटी, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा बदौली, उमेश गौतम, सत्यवीर मुखिया, रोशनी सिंह, महेश कमांडो, चैनपाल प्रधान, जितेंद्र भाटी, सुभाष भाटी, मनीष डाबर, मीडिया प्रभारी अतुल आनंद, फिरे प्रधान, पीपी शर्मा, श्याम सुंदर फौजी, यशपाल नागर, ज्योति सिंह, गीता सागर, राकेश भाटी, भगवत भाटी, तेज कुमार भाटी, सुंदर भाटी, पवन भाटी, वीरपाल मावी और जय शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button