GautambudhnagarGreater noida news

ग्रेटर नोएडा में गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच, बीसीएल सीज़न-2 के लिए आज हुआ भव्य ऐलान, 3 जून से शुरू होगा रोमांच, दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में निशुल्क प्रवेश

ग्रेटर नोएडा में गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच, बीसीएल सीज़न-2 के लिए आज हुआ भव्य ऐलान, 3 जून से शुरू होगा रोमांच, दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में निशुल्क प्रवेश

ग्रेटर नोएडा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दुनिया की पहली प्रोफेशनल-अमैच्योर (प्रो-एम) क्रिकेट लीग बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) का दूसरा सीज़न 3 जून से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होने जा रहा है। मंगलवार को होटल एक्सपो इन में आयोजित भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूर्नामेंट का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।प्रेस कॉन्फ्रेंस में लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरपी सिंह, सह-संस्थापक एवं सीईओ अन्निरुद्ध चौहान, मुंबई मरीन्स के कप्तान रॉस टेलर, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान एवं लीग एंबेसडर असगर अफगान, मनन शर्मा और लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह मौजूद रहे। सभी ने आगामी सीज़न को और अधिक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी बताया।इस बार टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें—नॉर्दर्न चैलेंजर्स, मुंबई मरीन्स, एमपी टाइगर्स, यूपी ब्रिज स्टार्स, सदर्न स्पार्टन्स और गुजरात डायमंड्स खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। उद्घाटन मुकाबला 3 जून को शाम 7 बजे मुंबई मरीन्स और यूपी ब्रिज स्टार्स के बीच खेला जाएगा।आयोजकों ने घोषणा की है कि सभी मैचों के लिए दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। दर्शक गेट नंबर-1 से स्टेडियम में प्रवेश कर लाइव मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। इससे क्षेत्र के हजारों क्रिकेट प्रशंसकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा।

मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ खेलने और सीखने का अवसर देना है। वहीं आरपी सिंह ने कहा कि बीसीएल अमैच्योर और प्रोफेशनल क्रिकेट के बीच की दूरी को कम करने का एक सशक्त मंच बन चुका है।पूर्व अफगान कप्तान असगर अफगान ने कहा कि प्रो-एम प्रारूप युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इससे उन्हें अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलकर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम

3 जून: मुंबई मरीन्स बनाम यूपी ब्रिज स्टार्स (शाम 7 बजे)

4 से 11 जून: प्रतिदिन दो मुकाबले (दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे)

12 जून: दोनों सेमीफाइनल मुकाबले

13 जून: फाइनल मुकाबला (शाम 7 बजे)

क्रिकेट के उत्सव का बनेगा केंद्र

बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई चर्चित पूर्व खिलाड़ी और देशभर के प्रतिभाशाली अमैच्योर क्रिकेटर एक साथ मैदान पर नजर आएंगे। आयोजकों का दावा है कि यह सीज़न रोमांचक मुकाबलों, नई प्रतिभाओं और क्रिकेट के उत्सव का शानदार संगम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button