दनकौर में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के समर्थन में शिक्षक सम्मेलन, विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मांगा समर्थन
दनकौर में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के समर्थन में शिक्षक सम्मेलन, विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मांगा समर्थन

दनकौर। मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के समर्थन में 15 अक्टूबर को श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर में शिक्षक संवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विभिन्न महाविद्यालयों और इंटर कॉलेजों से आए प्रधानाचार्यों, प्राध्यापकों और शिक्षाविदों से संवाद कर श्रीचंद शर्मा के पक्ष में समर्थन मांगा।विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि चन्द शर्मा लंबे समय से शिक्षक समाज, स्नातक मतदाताओं और युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में ऐसे प्रतिनिधि की आवश्यकता है, जो शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय, समान कार्य के लिए समान वेतन, शिक्षा की गुणवत्ता और विश्वविद्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा शिक्षक समाज की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए विधान परिषद में भाजपा के प्रतिनिधि की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से आगामी 23 नवंबर को होने वाले चुनाव में प्रथम वरीयता का वोट चन्द शर्मा को देकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी विधायक के समक्ष रखीं। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक अमित नागर ने किया। समापन पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और शिक्षक समाज की ओर से चन्द शर्मा को समर्थन देने की बात कही।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग, उपसचिव संजीव कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार अग्रवाल, सदस्य सुशील कुमार मांगलिक, संदीप जैन, मनीष सिंघल, सचिन वर्मा, संदीप गर्ग, कमल गोयल, गार्गी घोष, जय प्रकाश, उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, शिक्षाविद और सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




