शिक्षक दिवस मनाने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार, समर्थकों संग हुई तीखी नोकझोंक
शिक्षक दिवस मनाने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार, समर्थकों संग हुई तीखी नोकझोंक

जेवर/ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में बंद अथवा मर्ज किए गए प्राथमिक विद्यालयों के समीप शिक्षक दिवस मनाने जा रहे सपा नेताओं विकास जतन भाटी और लोकेश भाटी को पुलिस ने उनके समर्थकों सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
बताया गया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रदेशभर में बंद या मर्ज किए गए प्राथमिक विद्यालयों के समीप शिक्षक दिवस मनाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी क्रम में जेवर क्षेत्र में कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इस दौरान सपा नेता विकास जतन भाटी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता से जाने की आशंका को देखते हुए भाजपा घबराई हुई है और बौखलाहट में लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नजर में शिक्षकों का सम्मान करना और शिक्षक दिवस मनाना भी अपराध की श्रेणी में आ गया है। सपा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया और समर्थकों ने भी इस कार्रवाई का विरोध जताया।




