जीएनआईओटी एमबीए संस्थान में हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में मनाया गया शिक्षक दिवस
जीएनआईओटी एमबीए संस्थान में हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में मनाया गया शिक्षक दिवस

ग्रेटर नोएडा। जीएनआईओटी एमबीए संस्थान में कल्चरल एवं सोशल क्लब द्वारा आईक्यूएसी के तत्वावधान में शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के अमूल्य योगदान, मार्गदर्शन और समर्पण के प्रति विद्यार्थियों की कृतज्ञता को अभिव्यक्त करना रहा। समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. अंशुल शर्मा, डीन डॉ. पंकज सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार, डॉ. सुशील मौर्या एवं डॉ. नक्षत्रेश कौशिक सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. अंशुल शर्मा ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, विचारों और भविष्य को दिशा देने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, कविताओं और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और आभार को खूबसूरती से व्यक्त किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्साह, उमंग और भावनाओं से भर दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने फूलों एवं स्मृति-चिह्नों के साथ अपने शिक्षकों का अभिनंदन और सम्मान किया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए विशेष प्रयासों और स्नेहपूर्ण सम्मान ने शिक्षकों को गौरवान्वित कर दिया। समारोह में कई भावुक और यादगार क्षण देखने को मिले, जिन्होंने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की आत्मीयता को दर्शाया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कल्चरल एवं सोशल क्लब के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स डॉ. चक्षु गुप्ता, तनु गुप्ता एवं ज्योति चौहान तथा विद्यार्थी समन्वयक ध्रुव केशरवानी एवं कमलप्रीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह का समापन शिक्षकों के प्रति आभार, सम्मान और कृतज्ञता की भावना के साथ हुआ। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ सभी के लिए एक यादगार और भावनात्मक अनुभव बन गया।




