GautambudhnagarGreater noida news

आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘रू-ब-रू 2026’ का भव्य आयोजन

आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘रू-ब-रू 2026’ का भव्य आयोजन

‘रेट्रो महफ़िल’ थीम ने बांधा समां, राघव वर्मा और अक्षिता कंडपाल बने मिस्टर-मिस फ्रेशर्स

ग्रेटर नोएडा। आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘रू-ब-रू 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘रेट्रो महफ़िल’ रखी गई, जिसने पूरे परिसर को संगीत, मनोरंजन, प्रतिभा और युवा ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन एकेडमिक्स डॉ. विष्णु शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. संजय यादव सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद रैंप वॉक और परिचय राउंड में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। सरगम बैंड की शानदार प्रस्तुति ने रेट्रो थीम को जीवंत कर दिया और विद्यार्थियों ने संगीत का जमकर आनंद लिया।

टैलेंट राउंड में विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं जुनून क्लब और एनिग्मा क्लब की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। प्रश्नावली राउंड ने समारोह को और अधिक रोचक बनाया, जिसमें विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, त्वरित सोच और अभिव्यक्ति कौशल की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर्स की घोषणा रही। जोरदार तालियों और उत्साह के बीच विजेताओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।

मिस्टर फ्रेशर्स का खिताब राघव वर्मा (बी.टेक) और रिशु (एमबीए) ने हासिल किया, जबकि मिस फ्रेशर्स का खिताब अक्षिता कंडपाल (बी.टेक) और ज्योति बृजवासी (एमबीए) के नाम रहा। वहीं मिस्टर टैलेंट का खिताब देवेश श्रीवास्तव (बी.टेक) तथा मिस टैलेंट का खिताब कृति गुप्ता (बी.टेक) ने जीता।

महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सक्रिय सहभागिता की सराहना की। ‘रू-ब-रू 2026 – रेट्रो महफ़िल’ संगीत, प्रतिभा और युवा ऊर्जा के शानदार संगम के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ने नए विद्यार्थियों को आई.टी.एस. परिवार से जुड़ने, नए मित्र बनाने और अपने महाविद्यालयी जीवन की यादगार शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button