ग्रेटर नोएडा बार एसोसिएशन में मनोज भाटी की फिर हुई वापसी, अध्यक्ष पद की संभालेंगे जिम्मेदारी
ग्रेटर नोएडा बार एसोसिएशन में मनोज भाटी की फिर हुई वापसी, अध्यक्ष पद की संभालेंगे जिम्मेदारी
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आदेश पर लगाई रोक, अधिवक्ताओं में खुशी की लहर

ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) एडवोकेट की अध्यक्ष पद पर वापसी का रास्ता साफ हो गया है। इस बारे में ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई जिसमें एडवोकेट मनोज भाटी ने कहा कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल द्वारा पारित आदेश पर स्थगन आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले के बाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है।आपको बता दें 13 अक्टूबर 2026 को मनोज भाटी एडवोकेट ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आदेश के खिलाफ बार काउंसिल ऑफ इंडिया में अपील दायर की थी। अपील पर सुनवाई के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 26 सितंबर 2026 को पारित आदेश पर स्थगन लगा दिया। इसके बाद मनोज भाटी के पूर्व की भांति अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस मामले को लेकर 13 अक्टूबर को बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की आपातकालीन बैठक कार्यवाहक अध्यक्ष छतरपाल सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन सचिव शोभाराम चंदीला एडवोकेट ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से मनोज भाटी को पूर्व की भांति अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया।वहीं, 14 अक्टूबर को बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में भी इस घटनाक्रम पर चर्चा हुई। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आदेश के बाद अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
मनोज भाटी की अध्यक्ष पद पर वापसी को लेकर बार एसोसिएशन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया।




