GautambudhnagarGreater noida news

जीआईएमएस में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए किया जागरूक

जीआईएमएस में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए किया जागरूक

ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस), ग्रेटर नोएडा में 12 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति एवं तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने कैंसर स्क्रीनिंग इकाई की टीम और एमबीबीएस अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सहयोग से अस्पताल के ईएनटी ओपीडी क्षेत्र में किया। इसका उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान और तंबाकू छोड़ने के महत्व पर जानकारी दी गई। साथ ही, ग्रेटर नोएडा और आसपास उपलब्ध तंबाकू मुक्ति सेवाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरतमंद लोग विशेषज्ञों से परामर्श और सहायता प्राप्त कर सकें।इस अवसर पर जीआईएमएस में संचालित तंबाकू मुक्ति केंद्र (टीसीसी), ओपीडी कक्ष संख्या 21 की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि वे यहां तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श और आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के कर्मचारियों और मरीजों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए तंबाकू मुक्त रहने की शपथ ली। जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सूचनात्मक पर्चे भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में संस्थान को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाए रखने और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा) के प्रावधानों का पालन करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान तंबाकू मुक्त संस्थान निगरानी प्रकोष्ठ और तंबाकू मुक्ति केंद्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

संस्थान के आधिकारिक आदेश के अनुसार, तंबाकू मुक्त संस्थान निगरानी प्रकोष्ठ एवं तंबाकू मुक्ति केंद्र समिति में डॉ. (ब्रिगेडियर) राकेश कुमार गुप्ता अध्यक्ष, डॉ. सुप्रकाश मंडल नोडल अधिकारी, डॉ. रम्या अभिषेक सिंह परामर्शदाता और आकाश तंबाकू नियंत्रण मॉनिटर के रूप में शामिल हैं। इसके अलावा, वर्ष 2023 बैच के डॉ. प्रियांशु और छात्र प्रतिनिधि सुश्री अंजलि यादव भी समिति के सदस्य हैं। समिति संस्थान परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने और लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्य करती है।कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अस्पताल मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों को तंबाकू के नुकसान के बारे में जागरूक करने तथा उन्हें समय रहते तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे प्रयासों से तंबाकू मुक्ति सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ती है और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा मिलता है।कार्यक्रम का समापन तंबाकू मुक्ति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने और सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button