GautambudhnagarGreater noida news

4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को लेकर हजारों किसानों का पैदल मार्च, अक्टूबर में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को लेकर हजारों किसानों का पैदल मार्च, अक्टूबर में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

ग्रेटर नोएडा। 4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को लेकर बुधवार को हजारों किसानों ने घोड़ी-बछेड़ा शहीद पार्क से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय तक विशाल पैदल मार्च निकाला। लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में किसान मार्च में शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से प्राधिकरण पहुंचे।

प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांग को लेकर स्पष्ट अल्टीमेटम दिया। किसानों ने कहा कि सितंबर तक उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए, अन्यथा अक्टूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

किसानों का कहना है कि वर्षों से बड़ी संख्या में प्रभावित और पात्र किसान 4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट के अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल ज्ञापन देने से काम नहीं चलेगा और यदि सितंबर में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को निर्णायक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

किसानों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल, नेता या संगठन के बैनर तले नहीं चल रहा है, बल्कि प्रभावित किसानों के अधिकार की लड़ाई है। आने वाले दिनों में गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ने की बात भी कही गई।किसानों ने संकल्प दोहराया कि जब तक सभी पात्र एवं प्रभावित किसानों को 4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। पैदल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।इस दौरान संतराम प्रधान, मुखिया, भीम सिंह, रूप सिंह, दयाराम शर्मा समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।किसानों का संदेश साफ़ है “हक हमारा है और 4 प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट लेकर ही रहेंगे।

Related Articles

Back to top button