GautambudhnagarGreater noida news

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या का गौतमबुद्ध नगर में पहला दौरा, संगठन की मजबूती और किसान हितों पर मंथन

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या का गौतमबुद्ध नगर में पहला दौरा, संगठन की मजबूती और किसान हितों पर मंथन

ग्रेटर नोएडा। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्ध नगर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बिसरख, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी तथा पूर्व विधायक श्री संजीव आर्या विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह गौतमबुद्ध नगर में प्रदेश प्रभारी के रूप में उनका पहला दौरा था।बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा आम जनता से निरंतर संवाद स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी श्री संजीव आर्या ने जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों पर उनके सुझाव भी सुने।बैठक को संबोधित करते हुए संजीव आर्या ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाना होगा। कांग्रेस का संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहने वाला संगठन होना चाहिए।उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क करें तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और आम नागरिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए गांव, बूथ और मंडल स्तर तक संगठन का विस्तार तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

आर्या ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की पहचान किसानों और ग्रामीण समाज से गहराई से जुड़ी है। विकास के नाम पर किसानों की जमीन का अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी और लीजबैक से जुड़े मामले, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं और किसानों के लंबित मुद्दे कांग्रेस के प्रमुख जनसरोकार के विषय हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को केवल राजनीतिक बयान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी आवाज को प्रशासन और सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जिले में ऐसा मजबूत और सक्रिय संगठन तैयार करना है, जिसकी हर बूथ पर मौजूदगी हो और जो जनता के सुख-दुख में लगातार उसके साथ खड़ा दिखाई दे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने तथा युवा और नए कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का किसान आज भी जमीन, उचित मुआवजा, आबादी, रोजगार और अधिकारों से जुड़े अनेक सवालों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। संगठन निर्माण के साथ-साथ जनसरोकार की राजनीति कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी और आने वाले समय में जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में किसानों एवं आम जनता के साथ सीधे संवाद के कार्यक्रमों को और व्यापक किया जाएगा।शहर कांग्रेस कमेटी नोएडा के अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरीकरण के बावजूद बड़ी संख्या में लोग रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, विस्थापन और स्थानीय समस्याओं से जूझ रहे हैं। शहर कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एकजुटता, मजबूत संगठन और जनता के मुद्दों के आधार पर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से बूथ स्तर पर शुरू करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, मतदाता सूची का अध्ययन करने, नए मतदाताओं को कांग्रेस से जोड़ने, वरिष्ठ एवं पुराने कांग्रेसजनों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका देने तथा सभी अग्रिम संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा किसानों एवं आम जनता के स्थानीय मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।बैठक में अजय चौधरी, सुरेन्द्र प्रताप, मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, निशा शर्मा, अशोक पंडित, लियाकत चौधरी, रामकुमार तंवर, पुरुषोत्तम नागर, ललित अवाना, नीरज लोहिया, रिजवान चौधरी, श्रुति कुमारी, रूबी चौहान, धर्म सिंह, उर्मिला चौधरी, बिन्नू नेताजी, जतन सिन्हा, विजय नागर, सतपाल सिंह, तकी मोहम्मद, धर्मबीर सिंह, अरुण भाटी, यतेंद्र शर्मा, फिरे नागर, अरविंद रेक्सवाल, कैलाश बंसल, महकार तंवर, रघुराज शर्मा और सचिन जीनवाल सहित बड़ी संख्या में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक ने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और किसानों एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

Related Articles

Back to top button