गौतमबुद्धनगर पुलिस की पुरुष हॉकी टीम बनी मेरठ जोन की विजेता
गौतमबुद्धनगर पुलिस की पुरुष हॉकी टीम बनी मेरठ जोन की विजेता

ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में आयोजित 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026, मेरठ जोन का सोमवार को शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। पुरुष वर्ग में गौतमबुद्धनगर पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरनगर को 6-0 से हराकर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की।समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए।पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में गौतमबुद्धनगर की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और मुजफ्फरनगर की टीम को 6-0 के बड़े अंतर से पराजित कर मेरठ जोन की विजेता बनी।
वहीं महिला वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद की टीम ने मेरठ को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा किया।प्रतियोगिता में मेरठ जोन के आठ जनपदों से कुल 175 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 122 पुरुष और 53 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। समापन अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, निर्णायकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, स्टेडियम प्रबंधन और पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी रोमियो जेम्स समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




