सेक्टर पी-3 में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
सेक्टर पी-3 में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर सेक्टर पी-3 के थीम पार्क में सेक्टरवासियों की सहभागिता से भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सेना अधिकारी वीर सिंह तेवतिया रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद उपस्थित सेक्टरवासियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। समारोह में सेक्टर के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्य लोगों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के साथ RWA के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। RWA अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि सेक्टर पी-3 की पहचान उसकी एकजुटता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता से है। उन्होंने सेक्टरवासियों से राष्ट्रहित और समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बच्चों और युवाओं को देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया। सेक्टरवासियों की एकजुटता और बड़ी संख्या में उपस्थिति ने समारोह को गौरवपूर्ण और यादगार बना दिया। समापन पर RWA की ओर से सभी अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही राष्ट्रहित, समाजहित और सेक्टर के विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।




