यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न । 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न
25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026

गौतमबुद्धनगर।आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर आज अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गठित सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति तथा परिवहन समिति से संबंधित तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा अन्य क्षेत्रों की उपलब्धियों एवं क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध कार्यवाही अत्यंत महत्वपूर्ण है।अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान संभावित यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए वाहनों के सुचारु आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने आवास व्यवस्था समिति को निर्देशित किया कि बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए तथा आवश्यकतानुसार संबंधित होटल एवं अन्य संस्थानों से समन्वय स्थापित किया जाए। सांस्कृतिक समिति को निर्देश दिए गए कि ट्रेड शो के दौरान प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं। वहीं प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक प्रचार सामग्री, संकेतक, सूचना पट्ट एवं आयोजन स्थल पर ब्रांडिंग की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग एवं एनपीसीएल के अधिकारियों को आयोजन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करते हुए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल एवं आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों एवं आगंतुकों को संचार संबंधी किसी प्रकार की परेशानी न हो। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आयोजन से पूर्व व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर यदि कोई समस्या या आवश्यकता सामने आती है तो उसका तत्काल संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराया जाए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, अग्निशमन, चिकित्सा, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, दूरसंचार एवं पार्किंग जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को बेहतर समन्वय, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं सुरक्षित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण से ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आर0के0 गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित जिला प्रशासन एवं प्राधिकरण के संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




