GautambudhnagarGreater noida news

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं ग्रेटर नोएडा की प्रमुख समस्याएं, 10 दिन में स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का आश्वासन

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं ग्रेटर नोएडा की प्रमुख समस्याएं, 10 दिन में स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का आश्वासन

ग्रेटर नोएडा। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर एडवोकेट के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग की।बैठक में खराब स्ट्रीट लाइट, फॉगिंग की कमी, मच्छरों का प्रकोप, विभिन्न सेक्टरों में जलभराव, खाली प्लॉटों, रिहायशी क्षेत्रों में ओयो एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों तथा आवारा कुत्तों की समस्या पर चर्चा हुई। इसके साथ ही उचित शेल्टर होम की व्यवस्था की मांग भी रखी गई।प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। जाम से राहत के लिए यू-टर्न की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर ग्रेटर नोएडा की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं फॉगिंग और जलभराव की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया गया। अन्य मुद्दों पर भी शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में सेक्टर पी-3 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी, सेक्टर-36 अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी, डेल्टा-2 अध्यक्ष बॉबी भाटी, आरदीप सोढ़ी, सुधीर चौधरी, डाढ़ा गांव आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुबोध भाटी, सेक्टर पी-3 आरडब्ल्यूए सचिव मधुर गोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने कहा कि फेडरेशन लगातार जनहित के मुद्दों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्राधिकरण के समक्ष उठाती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में स्ट्रीट लाइट समेत अन्य समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो अगली बार सभी आरडब्ल्यूए पदाधिकारी प्राधिकरण के गेट पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।फेडरेशन ने प्राधिकरण से शहर के लाखों निवासियों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button