17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा में होगा आम आदमी पार्टी किसान विंग का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, सांसद संजय सिंह होंगे मुख्य अतिथि
17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा में होगा आम आदमी पार्टी किसान विंग का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, सांसद संजय सिंह होंगे मुख्य अतिथि

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने बताया कि आगामी 17 जुलाई को पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान, निकट जगत फार्म, परी चौक, गौतम बुद्ध नगर में आम आदमी पार्टी किसान विंग का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से पार्टी के पदाधिकारी एवं दिल्ली के कई विधायक शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह उपस्थित रहेंगे।अशोक कमांडो ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों से किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सम्मेलन में भाग लेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों से किसानों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखेंगे। इनमें समय पर खाद उपलब्ध न होना, खाद के लिए लंबी कतारों में लगने की मजबूरी, लगातार बिजली कटौती, बाढ़ एवं ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान के बावजूद उचित मुआवजा न मिलना, तहसीलों एवं पुलिस थानों में किसानों के साथ कथित दलाली और उत्पीड़न, तथा किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जे जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को सांसद संजय सिंह के समक्ष रखा जाएगा और उन पर गंभीरता से चर्चा कर ठोस रणनीति बनाई जाएगी, ताकि किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय, शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ प्रभावी आवाज़ उठाई जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रदेश सचिव मोहम्मद अजहर ने प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि युवा पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों के प्रति गंभीर नहीं है।वहीं पार्टी के प्रवक्ता राम गुप्ता ने आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल के नाम पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष जतन भाटी, प्रमोद चौधरी, संदीप भाटी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।




