आईआईए की 35वीं सेंट्रल एजीएम में जुटे 1000 से अधिक एमएसएमई उद्यमी, राजनाथ सिंह ने बढ़ाया उत्साह
आईआईए की 35वीं सेंट्रल एजीएम में जुटे 1000 से अधिक एमएसएमई उद्यमी, राजनाथ सिंह ने बढ़ाया उत्साह
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एमएसएमई सेक्टर की अहम भूमिका, उद्यमियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान का आह्वान

ग्रेटर नोएडा।इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की 35वीं सेंट्रल एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम ) का भव्य आयोजन ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर रोड स्थित वेडिंग डॉट्स में किया गया। कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न आईआईए चैप्टरों से जुड़े 1000 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का संचालन आईआईए के जनरल सेक्रेटरी दीपक बजाज ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से निर्धारित कार्यसूची के अनुसार किया। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने अतिथियों और उद्यमियों का स्वागत करते हुए एमएसएमई हितों के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, आलोक अग्रवाल ने आईआईए की आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। एजीएम के दौरान आईआईए के कोषाध्यक्ष ने गत वर्ष का लेखा-जोखा और वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से अनुमोदित किया।
ग्रेटर नोएडा चैप्टर की रही शानदार भागीदारी
35वीं सेंट्रल एजीएम में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में पहली बार आईईए की सेंट्रल एजीएम का आयोजन होना पूरे चैप्टर के लिए गौरव का विषय है।उन्होंने कहा कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। इससे एमएसएमई सेक्टर से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार और संबंधित मंचों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
राजनाथ सिंह ने एमएसएमई उद्यमियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने देशभर से आए एमएसएमई उद्यमियों को संबोधित किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत बनाने में एमएसएमई सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उद्यमियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।रक्षामंत्री ने एमएसएमई उद्यमियों की मेहनत और देश की अर्थव्यवस्था में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एमएसएमई उद्यमियों को पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किए गए।
औद्योगिक चुनौतियों और प्रोफिटेबिलिटी पर राहुल जैन ने दिए सुझाव
कार्यक्रम में राहुल जैन ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों, बदलते कारोबारी माहौल और प्रोफिटेबिलिटी को सुरक्षित बनाए रखने के उपायों पर अपने विचार साझा किए।उन्होंने उद्यमियों को बदलते बाजार के अनुरूप रणनीति बनाने, नवाचार को अपनाने और व्यवसाय को टिकाऊ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उपस्थित उद्यमियों ने उनके संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।कार्यक्रम में आईआईए के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, विभिन्न चैप्टरों के चेयरमैन एवं पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में एमएसएमई उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।




