गलगोटिया यूनिवर्सिटी और फेलिक्स हॉस्पिटल के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा अत्याधुनिक क्लिनिकल प्रशिक्षण
गलगोटिया यूनिवर्सिटी और फेलिक्स हॉस्पिटल के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा अत्याधुनिक क्लिनिकल प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा। गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने स्वास्थ्य शिक्षा को और अधिक व्यावहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित फेलिक्स हॉस्पिटल के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज (SAHS) और स्कूल ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय क्लिनिकल प्रशिक्षण, अनिवार्य इंटर्नशिप और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक अनुभव प्रदान करना है।फेलिक्स हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा में दो NABH मान्यता प्राप्त मल्टीस्पेशलिटी अस्पतालों का संचालन करता है, जिनकी कुल क्षमता 400 बेड है। इस सहयोग के तहत विद्यार्थियों को अस्पताल में प्रत्यक्ष क्लिनिकल एक्सपोजर, दक्षता आधारित शिक्षा, अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर प्रशिक्षण, NABH गुणवत्ता मानकों, मरीज सुरक्षा प्रोटोकॉल और पेशेवर स्वास्थ्य सेवाओं का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ ) डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा तभी पूर्ण मानी जाती है जब कक्षा में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक मरीजों की देखभाल से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक नर्सिंग सिमुलेशन लैब में छात्र पहले सुरक्षित वातावरण में अपनी क्लिनिकल दक्षताओं का अभ्यास करते हैं और अब फेलिक्स हॉस्पिटल के साथ यह साझेदारी उन्हें वास्तविक अस्पताल के वातावरण में मरीजों के बीच काम करने का अवसर देगी, जिससे वे आत्मविश्वासी, संवेदनशील और कुशल स्वास्थ्य पेशेवर बन सकेंगे।यह सहयोग विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रमों के सभी प्रमुख क्षेत्रों को शामिल करता है। स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज के फिजियोथेरेपी, कार्डियोवैस्कुलर थेरेपी, मेडिकल लैब साइंस, ऑप्टोमेट्री तथा मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों को अपनी-अपनी विशेषज्ञता के अनुरूप अस्पताल में प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं विश्वविद्यालय की इलेक्ट्रोथेरेपी लैब और आउट पेशेंट विभाग (ओपीडी ) जैसी सुविधाएं भी उनके प्रशिक्षण को और मजबूत बनाएंगी।स्कूल ऑफ नर्सिंग के बी.एससी. नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए यह साझेदारी विशेष रूप से लाभकारी होगी। भारतीय नर्सिंग परिषद (आईएनसी ) और उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी से मान्यता प्राप्त चार वर्षीय पाठ्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को पहले आधुनिक सिमुलेशन लैब में क्लिनिकल प्रक्रियाओं और आपातकालीन स्थितियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद वे फेलिक्स हॉस्पिटल में वास्तविक मरीजों के साथ कार्य करते हुए अपने कौशल को और निखारेंगे।
अनुभवी चिकित्सकों, नर्सों और मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशंस के पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही यह साझेदारी संयुक्त शोध, कार्यशालाओं, सतत व्यावसायिक शिक्षा और बहुविषयक शिक्षण को भी बढ़ावा देगी, जिससे विद्यार्थियों के तकनीकी, नैतिक और व्यवहारिक कौशल का समग्र विकास होगा।गौरतलब है कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी लगातार क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। हाल ही में विश्वविद्यालय ने गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सहयोग से दाढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी ) के फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास केंद्र को आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट की सहायता से उन्नत किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।




