ग्रेटर नोएडा रामलीला में कैकेयी के दो वरदान से टूटा अयोध्या का सुख, राम वनवास और दशरथ मरण का हुआ भावुक मंचन | मंत्री कपिल देव अग्रवाल और विधायक तेजपाल नागर ने किया भगवान श्रीराम का पूजन, रामलीला की भव्य व्यवस्थाओं की सराहना की
ग्रेटर नोएडा रामलीला में कैकेयी के दो वरदान से टूटा अयोध्या का सुख, राम वनवास और दशरथ मरण का हुआ भावुक मंचन
मंत्री कपिल देव अग्रवाल और विधायक तेजपाल नागर ने किया भगवान श्रीराम का पूजन, रामलीला की भव्य व्यवस्थाओं की सराहना की

ग्रेटर नोएडा। साइट-4 स्थित श्री रामलीला कमेटी के विजय महोत्सव में शुक्रवार को भगवान गणेश की वंदना के साथ रामलीला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और दादरी विधायक तेजपाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और रामलीला कमेटी की भव्य व्यवस्थाओं की सराहना की।
रामलीला के दौरान राजा दशरथ द्वारा श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा, मंथरा के बहकावे में आकर कैकेयी द्वारा दो वरदान मांगने, श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास और भरत को राजगद्दी देने के प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीराम के वनवास की खबर से राजा दशरथ व्याकुल हो गए और पुत्र वियोग में अपने प्राण त्याग दिए। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इसके बाद श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वन गमन के दौरान गंगा तट पर केवट प्रसंग का मंचन हुआ। केवट ने श्रीराम के चरण धोकर उन्हें गंगा पार कराई। इसके बाद श्रीराम ने भारद्वाज ऋषि से आशीर्वाद लिया। वहीं, अयोध्या लौटने पर भरत को श्रीराम के वनवास की जानकारी मिली तो उन्होंने माता कैकेयी के निर्णय पर नाराजगी जताई और श्रीराम को वापस लाने के लिए वन की ओर प्रस्थान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सतवीर गुर्जर, डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन, कुशल सिंह, रविंद्र तोंगड़, पूर्व डीएसपी रमनपाल सिंह सहित प्रायोजक मोनू गुप्ता, पवन गोयल पीडी, ओमप्रकाश अग्रवाल और गुरुचरण सिंह मौजूद रहे।
रामलीला कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि कमेटी पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के तहत रामलीला का आयोजन कर रही है। हर वर्ष मंचन में कुछ नया प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इस बार भी दर्शकों के लिए भव्य मंच के साथ आकर्षक मेले की व्यवस्था की गई है। मेले में खानपान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के विभिन्न साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन का भी सहयोग लिया गया है।
संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि आगामी मंचन में नारद-सूपर्णखा संवाद, सीता हरण, राम वियोग और जटायु मरण की लीलाएं प्रस्तुत की जाएंगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनजीत सिंह, धर्मपाल भाटी, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, हरेन्द्र भाटी, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, दीपक भाटी, राहुल नंबरदार, प्रभाकर देशमुख, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




