यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह जी के साथ आईबीए प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक हुई सम्पन्न
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह जी के साथ आईबीए प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक हुई सम्पन्न
औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर हुई सार्थक चर्चा

ग्रेटर नोएडा।इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा ) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट एवं औपचारिक बैठक की। बैठक के प्रारंभ में आईबीए की ओर से यीडा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।इस अवसर पर आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने सीईओ राकेश कुमार सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उद्योग जगत की ओर से उनका अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण तथा उद्योग हितैषी प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना की। बैठक के दौरान आईबीए द्वारा उद्यमियों से प्राप्त विभिन्न सुझावों एवं समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सीईओ को सौंपा गया। ज्ञापन में औद्योगिक अवसंरचना, सड़क, ड्रेनेज, सार्वजनिक परिवहन, उद्योग स्थापना प्रक्रियाओं का सरलीकरण, कम्प्लीशन एवं फंक्शनल प्रमाणन, सिंगल विंडो सिस्टम,, ट्रांसफर नीति, लीज रेंट, एमएसएमई उद्यमियों हेतु भूखंड योजनाएं, कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर, औद्योगिक सहायक बाजारों के विकास तथा अन्य उद्योग हितैषी सुझावों को प्रमुखता से रखा गया।बैठक के दौरान सीईओ राकेश कुमार सिंह ने उद्यमियों की सभी बातों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के सबसे विकसित एवं संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे नेटवर्क एवं विशाल औद्योगिक विकास की संभावनाएं इसे विशेष बनाती हैं। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण निर्माण करें, उद्योग स्थापित करें, उत्पादन गतिविधियां प्रारंभ करें तथा क्षेत्र के औद्योगिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उद्योगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी तथा प्राधिकरण उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण के द्वार उद्योग जगत के लिए सदैव खुले हैं और प्रत्येक वास्तविक समस्या का समाधान सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाएगा।बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न एनओसी प्रक्रियाओं का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर सीईओ महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों को विभिन्न विभागों से अलग-अलग अनुमतियां प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े तथा जहाँ संभव हो, प्राधिकरण स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रक्रियाओं को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए, जिससे उद्योग स्थापना में तेजी लाई जा सके।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि आज की बैठक अत्यंत सकारात्मक, सार्थक एवं परिणामोन्मुख रही। माननीय सीईओ ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, पर्याप्त समय दिया तथा विभिन्न विषयों पर सकारात्मक आश्वासन प्रदान किए। इससे उद्योग जगत में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि यीडा क्षेत्र देश के सबसे संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है तथा उद्योगपति निवेश करने, रोजगार सृजित करने एवं क्षेत्र के विकास में योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आवश्यकता केवल इतनी है कि उद्योग स्थापना एवं संचालन से संबंधित प्रक्रियाएं सरल, पारदर्शी एवं उद्योग-अनुकूल हों। आईबीए भविष्य में भी प्राधिकरण के साथ सकारात्मक संवाद एवं सहयोग बनाए रखेगी।उपाध्याय ने विश्वास व्यक्त किया कि सीईओ राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यीडा क्षेत्र उद्योग, निवेश एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा उद्योग जगत और प्राधिकरण के मध्य यह सकारात्मक समन्वय क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई तथा उद्योग एवं प्रशासन के मध्य बेहतर संवाद और सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, कार्यकारी सदस्य बिमलेश कुमार, दक्ष शर्मा, वरिष्ठ सदस्य चरणजीत सिंह, आईबीए सदस्य धर्मेंद्र सिंह तथा पीपीएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




