GautambudhnagarGreater noida news

ग्रेटर नोएडा में रामलीला मंचन: भरत मिलाप, सीता हरण और जटायु मरण के प्रसंगों ने किया भावुक, आज होगा लंका दहन

ग्रेटर नोएडा में रामलीला मंचन: भरत मिलाप, सीता हरण और जटायु मरण के प्रसंगों ने किया भावुक, आज होगा लंका दहन

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से साइट-4 में आयोजित विजय महोत्सव-2026 में शनिवार को भरत मिलाप, सीता हरण और जटायु मरण सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का उद्घाटन किया।विधायक धीरेंद्र सिंह ने रामलीला कमेटी की ओर से किए गए भव्य मंचन और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर अतिथि बबीता नागर, प्रायोजक विजेंद्र सिंह भाटी, सौरव भाटी, अंकुर मित्तल, नरेंद्र यादव, नितिन चौहान और राजेंद्र अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया।

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि शनिवार की लीला में भरत मिलाप, नारद-सूपर्णखा संवाद, सीता हरण, राम वियोग और जटायु मरण के प्रसंगों का मंचन किया गया। भरत मिलाप के माध्यम से भाईचारे, प्रेम, सम्मान और त्याग का संदेश दिया गया। वहीं, रावण द्वारा माता सीता के हरण के बाद भगवान श्रीराम का वियोग और माता सीता की रक्षा के लिए पक्षीराज जटायु का रावण से संघर्ष करते हुए प्राण त्यागना लीला के सबसे भावुक प्रसंगों में शामिल रहा।

महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, धर्म के प्रति समर्पण और पारिवारिक रिश्तों के महत्व को दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है।

कल होगा लंका दहन, हनुमान जी की भक्ति के दिखेंगे रोमांचक दृश्य

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि 18 अक्टूबर को शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। हनुमान जी की भक्ति और लंका दहन के रोमांचक दृश्य दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि श्री रामलीला कमेटी पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के अंतर्गत रामलीला का आयोजन कर रही है। हर वर्ष दर्शकों के लिए कुछ नया और विशेष प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इस बार भी रामलीला के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया है, जहां खानपान के स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के विभिन्न साधन उपलब्ध हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस-प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष मनजीत सिंह, महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button