GautambudhnagarGreater noida news

दनकौर में जनपद स्तरीय शिक्षक योग प्रतियोगिता आयोजित, दीपशिखा तोमर और राहुल भाटी ने हासिल किया प्रथम स्थान

दनकौर में जनपद स्तरीय शिक्षक योग प्रतियोगिता आयोजित, दीपशिखा तोमर और राहुल भाटी ने हासिल किया प्रथम स्थान

ग्रेटर नोएडा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, दनकौर, गौतमबुद्ध नगर में परिषदीय शिक्षकों के लिए जनपद स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्चतर प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी योग प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग में दीपशिखा तोमर ने प्रथम, प्रियंका शर्मा ने द्वितीय तथा रेखा चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में राहुल भाटी ने प्रथम, गजराज सिंह ने द्वितीय तथा महेंद्र सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार के आसन, प्राणायाम, बंध, मुद्राएं तथा पारंपरिक एवं कलात्मक योग शैलियों का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिक्षक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय योगाभ्यास प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष 21 जून 2027 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित की जाएगी।कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में तथा वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल कुमार चौहान के मार्गदर्शन में हुआ। जनपद स्तरीय शिक्षक योग प्रतियोगिता की नोडल सुमिता सचान एवं सह-नोडल निधि त्यागी के निर्देशन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। निर्णायक मंडल में डॉ. राकेश कुमार यादव एवं डॉ. तन्वी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया और परिणाम घोषित किए।

विजेता एवं प्रतिभागियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। समापन अवसर पर प्राचार्य अर्चना गुप्ता ने सभी विजेता शिक्षकों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button