आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम, यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ
आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम, यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ

गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण करते हुए वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।सजीव प्रसारण के बाद विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके कौशल और कार्य के अनुरूप बेहतर मानदेय तथा विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार की घोषणाएं आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को नई दिशा देने वाली हैं।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। स्वीकृत धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया गया है। यह उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




