डाढ़ा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का गठन, ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पदाधिकारियों की घोषणा
डाढ़ा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का गठन, ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पदाधिकारियों की घोषणा

ग्रेटर नोएडा। डाढ़ा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के नवगठित पदाधिकारियों की घोषणा सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र टाइगर ने नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए कहा कि जिन गांवों में ग्राम प्रधान व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, वहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए आरडब्ल्यूए का गठन कराया जा रहा है।नवगठित डाढ़ा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन में मास्टर सुबोध भाटी को अध्यक्ष, चौधरी नरेश कुमार को सचिव, एडवोकेट विनीत भाटी को कोषाध्यक्ष, नितिन कुमार को उपाध्यक्ष, चौधरी दीपेंद्र सिंह भाटी को महासचिव, चौधरी सुभाष भाटी तथा उमेश कुमार को सदस्य बनाया गया है।इस अवसर पर एडवोकेट देवेंद्र टाइगर ने बताया कि फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, ग्रेटर नोएडा के माध्यम से अब तक ग्रेटर नोएडा के 25 गांवों में आरडब्ल्यूए का गठन किया जा चुका है और सभी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर जिन गांवों में प्रधानी व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, वहां भी फेडरेशन के माध्यम से आरडब्ल्यूए का गठन कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का संगठित रूप से समाधान कराया जा सके।
नवनियुक्त अध्यक्ष मास्टर सुबोध भाटी ने कहा कि गांव में लंबे समय से गंदी नालियां, जाम रास्ते, टूटी पुलियाएं, जलभराव, पेयजल, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। आरडब्ल्यूए का उद्देश्य इन सभी समस्याओं को संबंधित विभागों और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समक्ष मजबूती से उठाकर उनका शीघ्र समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, प्राधिकरण और मीडिया के सहयोग से गांव के विकास को नई दिशा दी जाएगी।हबीबपुर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रणवीर चौधरी ने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से गांवों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाया जा रहा है, जिससे संबंधित विभागों पर कार्रवाई का सकारात्मक दबाव बन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आरडब्ल्यूए की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रामीणों एवं विभिन्न गांवों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और गांवों के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।




