आप किसान प्रकोष्ठ सम्मेलन में संजय सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
आप किसान प्रकोष्ठ सम्मेलन में संजय सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

ग्रेटर नोएडा। आम आदमी पार्टी (आप) किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश पदाधिकारी सम्मेलन शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर में आयोजित हुआ। सम्मेलन में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान, शिक्षा और आर्थिक मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने किसानों के सम्मान, बढ़ते राष्ट्रीय कर्ज, शिक्षा व्यवस्था और सोनम वांगचुक के मुद्दे पर सरकार की आलोचना करते हुए 20 जुलाई को प्रस्तावित जंतर-मंतर से संसद मार्च में समर्थन देने की घोषणा की।सम्मेलन का आयोजन किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कमांडो अशोक के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, लोकगायक ब्रह्मपाल नागर सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे। संजय सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान किसानों को खालिस्तानी, पाकिस्तानी और देशद्रोही कहकर उनका अपमान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान किसानों के साथ दमनात्मक कार्रवाई की गई, जबकि आम आदमी पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है। आर्थिक मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश पर 55 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर 256 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता बताया। सोनम वांगचुक के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि लद्दाख के पर्यावरण और शिक्षा के लिए कार्य करने वाले व्यक्ति को “चीन का एजेंट” कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 20 जुलाई को उनके समर्थन में होने वाले मार्च में भाग लेगी। शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार ने विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल बनाए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के अनेक विद्यालयों में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बुलडोजर कार्रवाई पर भी उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के घर और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति किसी के हित में नहीं है। सम्मेलन के अंत में संजय सिंह ने किसान और जवान की एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि दोनों वर्गों की एकता से ही देश में सकारात्मक बदलाव संभव है।कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता संजीव निगम, प्रशांत यादव, राम गुप्ता, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नीरज छोकर सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




