GautambudhnagarGreater noida news

4% अतिरिक्त आबादी भूखंड पर फिर गरमाई लड़ाई, प्राधिकरण पर वादाखिलाफी का आरोप; किसान फिर आंदोलन की तैयारी में

4% अतिरिक्त आबादी भूखंड पर फिर गरमाई लड़ाई, प्राधिकरण पर वादाखिलाफी का आरोप; किसान फिर आंदोलन की तैयारी में

ग्रेटर नोएडा। 4% अतिरिक्त आबादी भूखंड की मांग को लेकर किसानों और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बीच एक बार फिर टकराव की स्थिति बन गई है। किसानों ने प्राधिकरण पर वादाखिलाफी और केवल आश्वासन देकर गुमराह करने का आरोप लगाया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा। किसानों के अनुसार, 4% अतिरिक्त आबादी भूखंड की मांग को लेकर 29 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए लखनऊ पैदल कूच की योजना बनाई गई थी। हालांकि 28 जून को पुलिस प्रशासन के अनुरोध और प्राधिकरण अधिकारियों के आश्वासन पर किसानों ने अपना प्रस्तावित कूच स्थगित कर दिया। इसके बाद करीब 100 किसानों के प्रतिनिधिमंडल की प्राधिकरण अधिकारियों के साथ बैठक हुई। किसानों का दावा है कि बैठक में अधिकारियों ने उनकी मांग को न्यायोचित माना और बताया कि इस संबंध में 91वीं, 104वीं और 133वीं बोर्ड बैठकों के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। अधिकारियों ने दोबारा प्रस्ताव भेजने और उसकी प्रति किसानों को उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया था। किसानों का आरोप है कि 6 जुलाई से 16 जुलाई तक लगातार संपर्क करने के बावजूद उन्हें प्रस्ताव की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे स्पष्ट है कि प्राधिकरण ने एक बार फिर केवल आश्वासन देकर किसानों को गुमराह किया। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि 17 जुलाई को प्रस्तावित किसान महापंचायत को भी समाधान का भरोसा देकर स्थगित कराया गया, लेकिन तय समय सीमा के भीतर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। किसानों का कहना है कि बार-बार किए जा रहे वादों के बावजूद समाधान नहीं होने से उनका भरोसा टूट रहा है। उनका कहना है कि 4% अतिरिक्त आबादी भूखंड का मुद्दा किसानों के अधिकार और सम्मान से जुड़ा है, जिसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। किसानों ने घोषणा की है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली से संबंधित सभी तथ्य एवं साक्ष्य उनके समक्ष प्रस्तुत करेगा।

Related Articles

Back to top button