पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित किया स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित किया स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

ग्रेटर नोएडा। पूर्व सैनिकों एवं वीर सेनानियों के सम्मान में जेवर स्थित कैलाश अस्पताल द्वारा विशेष ‘सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिसमें 50 से अधिक ईसीएचएस सदस्यों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ अस्पताल प्रबंधन द्वारा पूर्व सैनिकों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। यहां वीर सेनानियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके अद्वितीय योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।इस अवसर पर कैलाश अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एके सिंह ने कहा, पूर्व सैनिक हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। उनके सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता हमारी प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। इसके पश्चात आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में अस्पताल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बढ़ती आयु में होने वाली सामान्य एवं गंभीर बीमारियों, समय पर जांच, उपचार एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ईसीएचएस लाभार्थियों के लिए उपलब्ध कैशलेस उपचार, पैनल सुविधाओं एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।




