मुख्य सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की
मुख्य सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की
ट्रेड शो का आयोजन पहले से अधिक भव्य एवं आकर्षक हो
ओडीओसी के अंतर्गत प्रदेश के विशिष्ट, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल कराए जाएं स्थापित

लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित इवेंट के मास्टर प्लान एवं लेआउट का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश का एक प्रतिष्ठित और महत्वाकांक्षी आयोजन है, जिसे इस वर्ष और अधिक भव्यता एवं नवाचार के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, पारंपरिक कलाओं, जनजातीय संस्कृति, लोक कला एवं लोक विरासत का आकर्षक प्रदर्शन किया जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ओडीओसी)” के अंतर्गत प्रदेश के विशिष्ट, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल स्थापित कराए जाएं, ताकि उत्तर प्रदेश के स्थानीय स्वाद और पाक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच प्राप्त हो सके। मुख्य सचिव ने आयोजन की व्यापक ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री पोर्टल एवं सभी डीआईसी पोर्टलों पर तत्काल ट्रेड शो के प्रचार बैनर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही देश के प्रमुख शहरों एवं एयरपोर्ट्स पर आयोजन से दो माह पहले होर्डिंग्स लगवाए जाएं। मुंबई, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित प्रमुख नगरों तथा यूपी मेट्रो नेटवर्क में भी बड़े स्तर पर ब्रांडिंग सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त समाचार पत्रों, रेडियो, डिजिटल एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने आयोजन को ध्यान में रखते हुए शहर के सौंदर्यीकरण, अप्रोच रोड की मरम्मत, पार्किंग प्रबंधन एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डेयरी, उद्योग, मत्स्य एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में नवाचार आधारित आकर्षक व्यावसायिक मॉडल एवं प्रदर्शनों को शामिल करने पर बल दिया। बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 का आयोजन 25 से 29 सितम्बर 2026 के मध्य इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित है। इस वर्ष ट्रेड शो की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing & Exports” प्रस्तावित है।
आयोजन की प्रमुख उप-थीमों में “Make in UP”, “Export from UP”, “ODOP to Global Markets”, “MSME & Startup Empowerment”, “Sustainable Manufacturing”, “Digital Trade & E-Commerce” तथा “Investment & Logistics Hub” शामिल हैं।
इस वर्ष ट्रेड शो में 80 से अधिक देशों के लगभग 550 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों (Foreign Buyers) तथा 45,000 से अधिक बी2बी खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयोजन के माध्यम से लगभग ₹5,000 करोड़ की बिजनेस इन्क्वायरी, ₹20,000 करोड़ की संभावित व्यावसायिक गतिविधियों (Expected Business Generation) तथा 5,000 से अधिक एमओयू (MoUs) हस्ताक्षरित होने की संभावना व्यक्त की गई।




