सीजीएसटी विभाग के द्वार उद्यमियों के लिए सदैव खुले हैं, समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. यशोवर्धन पाठक
सीजीएसटी विभाग के द्वार उद्यमियों के लिए सदैव खुले हैं, समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. यशोवर्धन पाठक

गौतम बुद्ध नगर। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने सीजीएसटी विभाग के आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक एवं एडिशनल कमिश्नर दर्पण से शिष्टाचार एवं व्यापारिक भेंट कर उद्यमियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक एवं उद्योग हितैषी वातावरण में सम्पन्न हुई।बैठक के दौरान जीएसटी पंजीयन, नवीनतम विभागीय दिशा-निर्देशों, अनुपालन से जुड़े नए प्रावधानों, उद्यमियों की व्यावहारिक समस्याओं तथा उनके त्वरित समाधान सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने विभाग द्वारा किए गए नवीनतम सुधारों एवं अपडेट्स की जानकारी साझा करते हुए उद्यमियों के सभी प्रश्नों का विस्तार से समाधान किया।
इस अवसर पर आईबीए के वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान के जीएसटी पंजीयन से संबंधित एक लंबित विषय भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया, जिसका मौके पर ही सकारात्मक समाधान कराया गया।बैठक में आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक ने इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा उद्योग एवं समाज हित में किए जा रहे निरंतर कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में CGST विभाग एवं आईबीए संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा समाज, प्रदेश एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही आईबीए के सहयोग से एक सीजीएसटी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जीएसटी से जुड़े नवीनतम संशोधनों, नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी उद्यमियों को दी जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रत्येक दो माह में आईबीए के साथ नियमित संवाद एवं समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी आश्वासन दिया।
डॉ. पाठक ने स्पष्ट कहा कि “उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी उद्यमी को किसी प्रकार की समस्या हो तो वह बिना किसी संकोच के विभाग के अधिकारियों से संपर्क करे, सीधे मुझसे मिले अथवा फोन पर अपनी बात रखे। सीजीएसटी विभाग के दरवाजे उद्यमियों के लिए सदैव खुले हैं। हमारा उद्देश्य उद्योगों के लिए पारदर्शी, सरल एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।”
एडिशनल कमिश्नर दर्पण ने भी उद्यमियों से नियमित संवाद बनाए रखने तथा विभाग और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
भेंट के दौरान आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक एवं एडिशनल कमिश्नर दर्पण का पौधा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान तथा सदस्य केशव द्वार उपस्थित रहे।अंत में आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह बैठक उद्योग एवं विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहयोग को नई दिशा देने वाली रही। नियमित संवाद से उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा तथा गौतम बुद्ध नगर का औद्योगिक वातावरण और अधिक मजबूत एवं निवेश-अनुकूल बनेगा।




