सेंट जोसेफ विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
सेंट जोसेफ विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

ग्रेटर नोएडा, 5 सितंबर 2026। सेक्टर अल्फा-वन स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षक दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को गुरु-शिष्य परंपरा और सम्मान की भावना से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, मैनेजर फादर एंड्रयू कोरिया, सिस्टर प्रीमा, सिस्टर विजया, कक्षा नौवीं से बारहवीं के समन्वयक साजी के. जे., शिक्षकों के प्रतिनिधि चंद्रकांत माहथा एवं विद्योदिता फिलिप द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “गुरुर्ब्रह्मा, गुरुर्विष्णुः, गुरुर्देवो महेश्वरः” के भावपूर्ण स्वरों से हुई, जिससे पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षक और विद्यार्थी के संबंधों पर आधारित अनेक रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में गुरु-शिष्य के बीच विश्वास, समर्पण, सद्भावना और ज्ञान के आदान-प्रदान की भावना देखने को मिली। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए भविष्य में उनके मार्गदर्शन के अनुरूप सफल और आदर्श शिष्य बनने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बारिश के कारण कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ, लेकिन प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधों के चलते सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से छायादार स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद अल्प व्यवधान के पश्चात कार्यक्रम पुनः सुचारू रूप से जारी रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों को सम्मान इसलिए प्राप्त होता है क्योंकि वे विद्यार्थियों में अपने बच्चों की छवि देखते हुए उनके मानसिक एवं सामाजिक विकास का ध्यान रखते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विश्वास की डोर को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से भी शिक्षक के प्रति विश्वास और सम्मान बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय के मैनेजर फादर एंड्रयू कोरिया ने भी सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों से समाज में एक आदर्श शिक्षक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने का आग्रह किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, सम्मान और गुरु-शिष्य के पवित्र संबंधों की भावना से सराबोर रहा।




