पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल तेज, प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने सीएम योगी से की मुलाकात
पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल तेज, प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने सीएम योगी से की मुलाकात
गुर्जर समाज के सम्मान, प्रतिनिधित्व और विकास से जुड़े 7 सूत्रीय प्रस्ताव सौंपे; युवाओं और महिलाओं के मुद्दों पर भी हुई चर्चा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री एवं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व सचिव महामेधा नागर ने गुरुवार शाम मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर समाज से जुड़े सम्मान, प्रतिनिधित्व और समावेशी विकास के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को सात सूत्रीय प्रस्ताव-पत्र सौंपा।महामेधा नागर ने कहा कि गुर्जर समाज ने राष्ट्रहित और राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ खड़े होकर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की अपेक्षाओं और भावनाओं को शासन तक पहुंचाना उनका दायित्व है।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए 7 प्रमुख प्रस्ताव
महामेधा नागर के प्रस्ताव-पत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में गुर्जर समाज के योग्य प्रतिनिधि की नियुक्ति, वीरांगना धौला गुर्जरी के नाम पर महिला पीएसी वाहिनी के नामकरण तथा गाजियाबाद, बिजनौर या शामली में इसके लिए संभावित स्थान विकसित करने का सुझाव शामिल है।इसके अलावा 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत कोतवाल धन सिंह गुर्जर और बिजौलिया किसान आंदोलन के नायक विजय सिंह पथिक को औपचारिक सम्मान देने तथा उनके नाम पर स्मृति दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव में गौतम बुद्ध नगर और सहारनपुर में छात्रावासों की स्थापना, उन्हें राजा नैन सिंह, जोगराज सिंह गुर्जर और प्रताप राव गुर्जर जैसे महापुरुषों के नाम पर किए जाने का सुझाव भी दिया गया है।वहीं गौतम बुद्ध नगर में शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की मांग की गई है, जहां पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में युवा पुलिस, अर्धसैनिक बलों और सेना की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।इसके साथ ही गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) और मिहिर भोज स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादरी (गौतम बुद्ध नगर) को डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा देने तथा गौतम बुद्ध नगर में पंचायत व्यवस्था की पुनर्समीक्षा कर ग्रामीण प्रतिनिधित्व को और मजबूत करने का सुझाव दिया गया है।
युवाओं और महिलाओं के मुद्दों पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान युवा सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण और समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। महामेधा नागर ने कहा कि उनके प्रस्तावों के केंद्र में युवा और महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रावास और शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होंगे, जबकि उच्च शिक्षण संस्थानों को डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिल सकती है। वहीं धौला गुर्जरी के नाम पर महिला पीएसी वाहिनी का नामकरण नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बनेगा।महामेधा नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में युवा और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। गुर्जर समाज की भावनाओं और अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।महामेधा नागर महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन अभियान के लिए भी जानी जाती हैं। युवा एवं महिला सशक्तिकरण उनके सार्वजनिक जीवन के प्रमुख कार्यक्षेत्रों में शामिल हैं।




