GautambudhnagarGreater noida news

शारदा यूनिवर्सिटी में ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन, चिराग पासवान ने किया उद्घाटन

शारदा यूनिवर्सिटी में ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन, चिराग पासवान ने किया उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा, 3 सितंबर 2026। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के स्वागत के लिए यूनिवर्सिटी स्तरीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को विश्वविद्यालय की संस्कृति, मूल्यों और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराते हुए उनकी नई यात्रा को बेहतर दिशा देना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री कृतिका अवस्थी, आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव आहूजा, शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पी.के. गुप्ता और वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।अपने संबोधन में चिराग पासवान ने छात्रों को इनोवेशन, रिसर्च और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता है और सही सोच, आदतों व सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ युवा देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपने भविष्य के लक्ष्यों को लेकर अभी से गंभीरता से निर्णय लेने और समाज के लिए सार्थक योगदान देने का आह्वान किया।आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव आहूजा ने कहा कि व्यावहारिक ज्ञान सैद्धांतिक शिक्षा जितना ही महत्वपूर्ण है। छात्रों को नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल किताबों से नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से भी मिलती है।चांसलर पी.के. गुप्ता ने ‘दीक्षारंभ’ को छात्रों के लिए एक परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि ज्ञान का उपयोग समाज की भलाई के लिए होना चाहिए। उन्होंने शारदा यूनिवर्सिटी की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि 1996 में शुरू हुआ यह संस्थान आज वैश्विक पहचान बना चुका है और यहां 90 देशों के विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न क्लबों की ओर से म्यूजिक, डांस, ड्रामा, फैशन और लिटरेरी आर्ट्स की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों में छात्रों की प्रतिभा, विविधता और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम का संचालन डीन अकादमिक डॉ. आर.सी. सिंह, एडमिशन डायरेक्टर डॉ. राजीव गुप्ता और छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ. प्रमोद कुमार ने किया। इस अवसर पर वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा, डॉ. आर.पी. सिंह, डीन रिसर्च डॉ. भुवनेश कुमार, डायरेक्टर पीआर डॉ. अजित कुमार सहित विभिन्न स्कूलों के डीन, एचओडी, फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button