दादरी बालिका इंटर कॉलेज में पहुंचीं कैप्टन निवेदिता भसीन, छात्राओं को दिखाया पायलट बनने का रास्ता
दादरी बालिका इंटर कॉलेज में पहुंचीं कैप्टन निवेदिता भसीन, छात्राओं को दिखाया पायलट बनने का रास्ता

ग्रेटर नोएडा। दादरी बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देश की अनुभवी महिला पायलट कैप्टन निवेदिता भसीन ने छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।कैप्टन निवेदिता भसीन ने वर्ष 1984 में इंडियन एयरलाइंस से अपने विमानन करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने करीब 37 वर्षों तक एयरलाइन पायलट के रूप में सेवाएं दीं और बोइंग 737, एयरबस 300 सहित कई प्रकार के विमानों का सफलतापूर्वक संचालन किया।कार्यक्रम के दौरान कैप्टन भसीन ने छात्राओं के साथ संवाद करते हुए बताया कि पायलट बनने के लिए किन विषयों की पढ़ाई, प्रशिक्षण और आवश्यक योग्यताओं की जरूरत होती है। उन्होंने विमानन क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे करियर के अवसरों की जानकारी देते हुए छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।इस दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हवाई जहाज, एयरपोर्ट और फोर्स की गाड़ियों के मॉडल बनाकर प्रस्तुत किए। छात्राओं की कल्पनाशीलता और मेहनत देखकर कैप्टन निवेदिता भसीन भी काफी प्रभावित और हैरान नजर आईं। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम में एयर होस्टेस गीता भाटी ने भी छात्राओं से संवाद किया और उन्हें विमानन क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में जानकारी देते हुए अपने सपनों को उड़ान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम ने छात्राओं में खासा उत्साह पैदा किया। कैप्टन निवेदिता भसीन और गीता भाटी के अनुभवों से छात्राओं को न केवल विमानन क्षेत्र की जानकारी मिली, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य के लिए लक्ष्य तय करने की प्रेरणा भी मिली।




