उमा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
उमा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

ग्रेटर नोएडा। उमा पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए विशेष रूप से तैयार प्रस्तुतियां दीं और उपहार भेंट कर अपना आभार व्यक्त किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान शिक्षकों के चेहरों पर खुशी और गर्व की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन विपिन भाटी ने शिक्षकों को प्रेरणादायक एवं आत्मीय शब्दों से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यालय और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। उनका समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण कार्य भी करता है।
कार्यक्रम में एमडी सचिन चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं डायरेक्टर प्रिंसिपल सुनीता शर्मा एवं प्रिंसिपल संजय शर्मा ने भी शिक्षकों के साथ शिक्षक दिवस का उत्सव मनाते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस समारोह में शिक्षक और विद्यार्थी एक साथ उत्सव के रंग में नजर आए। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, स्नेह और विश्वास के रिश्ते को और अधिक मजबूत किया।
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस विशेष आयोजन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




