खेल मंत्री ने किया जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
खेल मंत्री ने किया जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

ग्रेटर नोएडा। जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आज सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता 2026–27 का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 772 शूटिंग खिलाड़ी, 742 लॉन टेनिस खिलाड़ी, 300 से अधिक कोच एवं टीम प्रबंधक, 80 तकनीकी अधिकारी एवं निर्णायक सहित 1400 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिश चन्द्र यादव रहे। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में तेजपाल सिंह नागर, विधायक, दादरी; भारत के गौरव एवं ओलंपियन निशानेबाज दीपक कुमार; पूर्व अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी अंकिता भांबरी; सुजीत पाणिग्रही, संस्थापक, Sequoia Fitness & Sports Technology एवं पूर्व अतिरिक्त महानिदेशक (Technology), कॉमनवेल्थ गेम्स दिल्ली; डॉ. परवेज अली, जिला क्रीड़ा अधिकारी, गौतम बुद्ध नगर; शालिनी सिंह, स्टेट लेवल निशानेबाज, शिक्षाविद एवं लेखिका; तथा रजनीश राय, पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं खेल प्रशासक उपस्थित रहे।इस अवसर पर जेपी स्कूल्स के महाप्रबंधक ग्रुप कैप्टन आनंद कुमार (सेवानिवृत्त), विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला, उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई, आयोजन सचिव एवं खेल विभागाध्यक्ष नीरज सिंह, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी ली। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विश्वस्तरीय खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यालय में संचालित शूटिंग, लॉन टेनिस, जिम्नास्टिक्स, गोल्फ एवं ताइक्वांडो अकादमियों तथा विद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि गिरिश चन्द्र यादव ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से समर्पण, ईमानदारी और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के उत्कृष्ट एवं भव्य आयोजन की सराहना की।समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता 2026–27 आगामी दिनों तक विभिन्न मुकाबलों के साथ आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तर भारत के अनेक विद्यालयों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतिष्ठित आयोजन के माध्यम से जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा खेल संस्कृति को सशक्त बनाने तथा युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।




