YEIDA की 91वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: एयरपोर्ट के पास बनेगा इंडस्ट्रियल नोड, ICMR को 30 एकड़ भूमि आवंटित
YEIDA की 91वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: एयरपोर्ट के पास बनेगा इंडस्ट्रियल नोड, ICMR को 30 एकड़ भूमि आवंटित

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 91वीं बोर्ड बैठक बुधवार को अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) आलोक कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, आधारभूत संरचना, भूमि आवंटन और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन निर्णयों का उद्देश्य नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देना है। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। 30 जून 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1,371.75 करोड़ रुपये दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 114.33 प्रतिशत अधिक हैं। इस दौरान कुल 2,101.96 करोड़ रुपये का व्यय किया गया, जिसमें 1,741.40 करोड़ रुपये भूमि क्रय पर खर्च हुए। वहीं औद्योगिक एवं मिश्रित भूमि योजनाओं से 660.14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो वार्षिक बजट लक्ष्य का 47.5 प्रतिशत है। बोर्ड ने हाईराइज भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा को 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। औद्योगिक परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टॉय पार्क, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति पर संतोष जताया गया। पिछले एक माह में 63 उद्यमियों की लीज डीड, 118 आवंटियों को कब्जा, 62 भवन नक्शों की स्वीकृति, 84 निर्माण कार्यों की शुरुआत, 15 औद्योगिक इकाइयों का संचालन प्रारंभ तथा 12 इकाइयों का फैक्ट्री एक्ट के तहत पंजीकरण कराया गया। बैठक में एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई ईवी एवं हाइड्रोजन बसों के संचालन की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही धनौरी वेटलैंड के आसपास ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के तहत YIAPL को 200 मीटर भूमि किराये पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। बैठक का सबसे अहम निर्णय नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी (आगरा की ओर) क्षेत्र को इंडस्ट्रियल नोड के रूप में विकसित करने की महायोजना को मंजूरी देना रहा। इसके साथ ही चीन के Yiwu International Trade City की तर्ज पर YEIDA इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की योजना का प्रस्तुतीकरण भी बोर्ड के समक्ष रखा गया। भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में बोर्ड ने निर्देश दिए कि किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र भूमि अधिग्रहण के तुरंत बाद उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा भविष्य की वाणिज्यिक होटल योजनाओं में नोएडा प्राधिकरण के सकारात्मक नियमों एवं शर्तों को शामिल करने पर भी सहमति बनी तथा लंबित रियल एस्टेट परियोजनाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य एवं अनुसंधान के क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लेते हुए बोर्ड ने सेक्टर-9 में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) को एडवांस्ड रिसर्च फैसिलिटी स्थापित करने के लिए 30 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अलावा सेक्टर 8ए, 8बी, 8सी, 23सी, 31बी तथा 765 केवी सब स्टेशन से सेक्टर 8डी तक प्रस्तावित मास्टर प्लान सड़क के लिए आवश्यक भूमि क्रय के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इन फैसलों से स्पष्ट है कि YEIDA नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र को औद्योगिक, व्यापारिक, अनुसंधान और आधारभूत संरचना के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।




