सामुदायिक स्वास्थ्य योद्धाओं के सम्मान में स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ में होली मिलन समारोह हुआ आयोजित
सामुदायिक स्वास्थ्य योद्धाओं के सम्मान में स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ में होली मिलन समारोह हुआ आयोजित

ग्रेटर नोएडा ।मार्च 2026 को स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़, शारदा यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान तथा संस्थान के विशेषज्ञ दंत चिकित्सक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य सहयोगियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अमूल्य योगदान का सम्मान करना था।समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सौहार्द तथा आपसी सम्मान के साथ रंगों के इस पावन पर्व की भावना को साझा किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने प्रश्न एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिनका जनप्रतिनिधियों द्वारा अत्यंत सकारात्मक, पारदर्शी एवं प्रामाणिक तरीके से समाधान किया गया। संवादात्मक वातावरण में विभिन्न सामुदायिक समस्याओं पर सार्थक चर्चा हुई तथा उनके व्यावहारिक समाधान सुझाए गए, जिससे आपसी विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।डॉ. स्वाति शर्मा, प्रोफेसर, पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग, स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ ने आशा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए कहा, “आशा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि हमारे सामुदायिक स्वास्थ्य तंत्र की मजबूत नींव हैं। उनका समर्पण और जमीनी स्तर पर किया गया कार्य समाज के स्वास्थ्य सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम उनके योगदान का हृदय से सम्मान करते हैं और यह संकल्प लेते हैं कि ऐसे संवादात्मक एवं सामुदायिक सहयोग के कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित करते रहेंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाया जा सके।” साथ ही अपने संबोधन में निदेशक डॉ. अजीत ने सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य संस्थानों और समाज के बीच सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने जनस्वास्थ्य के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और अथक प्रयासों की सराहना की। स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ के डीन डॉ. हेमंत ने संस्थान की सामुदायिक उन्मुख स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने निवारक एवं प्रोत्साहक मुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों को निरंतर समर्थन देने का आश्वासन देते हुए कहा कि संस्थान समाज के अंतिम पंक्ति तक गुणवत्तापूर्ण दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है। इस कार्यक्रम के दौरान डॉ. फेजल, डॉ. आशीष, डॉ. रोहित, डॉ साकची, डॉ. राशी सहित सभी विभागो के हेड और फैकल्टी मेंबर्स, स्टॉफ आदि मौजूद रहे l




