उधोग बंधु की बैठक में इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ने जिला गौतमबुद्धनगर में भुगतान विवादों के समाधान हेतु त्रैमासिक बैठक की मांग।
उधोग बंधु की बैठक में इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ने जिला गौतमबुद्धनगर में भुगतान विवादों के समाधान हेतु त्रैमासिक बैठक की मांग।

ग्रेटर नोएडा ।उधोग बंधु की बैठक में इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने जिलाधिकारी को एक पत्र प्रेषित कर जिले में कार्यरत उद्यमियों के मध्य लंबित भुगतान से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु हस्तक्षेप की मांग की है। गौतमबुद्धनगर जिला प्रदेश की आर्थिक राजधानी है और जिले में बहुत सारे उधमी आपस मे ही व्यापार करते है अपने पत्र में आईईए ने अवगत कराया कि जिले के भीतर ही दो पक्षों के बीच मटेरियल की आपूर्ति के बाद भुगतान न किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई मामलों में एक पक्ष द्वारा सामग्री विधिवत प्रेषित कर दी जाती है, किन्तु दूसरा पक्ष निर्धारित समयावधि में भुगतान नहीं करता, जिससे उद्योगों विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की कार्यशील पूंजी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। न्याय प्रक्रिया अपनाने पर समय बहुत अधिक लगता है जिससे व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ता है। आईईए ने जिलाधिकारी मेधा रूपम से अनुरोध किया है कि ऐसे प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की देखरेख में त्रैमासिक बैठक आयोजित की जाए। इन बैठकों में संबंधित पक्षों को आमंत्रित कर आपसी संवाद के माध्यम से भुगतान विवादों का समाधान कराया जाए, ताकि व्यावसायिक वातावरण स्वस्थ एवं सहयोगात्मक बना रहे। संजीव शर्मा ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन के मध्यस्थता से न केवल लंबित भुगतान के मामलों का शीघ्र समाधान संभव होगा, बल्कि भविष्य में इस प्रकार के विवादों में भी कमी आएगी तथा जिले के उद्योग जगत में विश्वास का वातावरण सुदृढ़ होगा। आईईए ने जिला प्रशासन से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा व्यक्त की है, जिससे जनपद में औद्योगिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें और उद्यमियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।




