GautambudhnagarGreater noida news

जीएनआईओटी में ‘शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स’ कार्यक्रम का सफल आयोजन, महिला सशक्तिकरण का दिया सशक्त संदेश

जीएनआईओटी में ‘शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स’ कार्यक्रम का सफल आयोजन, महिला सशक्तिकरण का दिया सशक्त संदेश

ग्रेटर नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की विमेन इन साइंस एंड इंजीनियरिंग सोसायटी द्वारा महिला संकाय सदस्यों के लिए “शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल तथा आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ वाईज़ सोसायटी की अध्यक्ष एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सीमा अरोड़ा के प्रेरणादायक वाईज़ सोसायटी पॉडकास्ट से हुआ। उन्होंने सोसायटी के उद्देश्य, कार्यों एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान महिला शिक्षिकाओं ने विभिन्न प्रेरक वक्तृत्व सत्रों, रोचक चुनौतियों, मनोरंजक गतिविधियों एवं टीम-बिल्डिंग खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों के जोश, ऊर्जा और आत्मविश्वास ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी विचारों से सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसे मंच प्रदान करना समय की आवश्यकता है, जिससे वे अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सकें।

संस्थान प्रबंधन के सतत सहयोग एवं प्रोत्साहन के प्रति वाईज़ सोसायटी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीएसई विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस.पी.एस. चौहान, एआई एवं सीएसई (एआईडीएस) विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विजय शुक्ला, सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित गुप्ता, डेटा साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय पचौरी, सीएसई के उप विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के उप विभागाध्यक्ष श्री गगन वार्ष्णेय, आईओटी की उप विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा, सिविल इंजीनियरिंग की उप विभागाध्यक्ष संघाती, सीएसडीसी की उप विभागाध्यक्ष नीतिका सक्सेना, सीपीआरसी संयोजक डॉ. गंभीर सिंह तथा डॉ. इशरत अली सहित संस्थान के अनेक वरिष्ठ शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का समापन वाईज़ सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका दीक्षित द्वारा प्रस्तुत आभार ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने संस्थान प्रबंधन, निदेशक, सभी अतिथियों, आयोजन समिति एवं प्रतिभागियों का सफल आयोजन हेतु हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।”शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स” ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं अपनी आवाज़ बुलंद करती हैं, तो वे केवल स्वयं नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रेरित करती हैं। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व और आत्मविश्वास को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button