GautambudhnagarGreater noida news

पश्चिम प्रदेश की मांग को मिलेगी नई धार: 18 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा में महा संगठन सम्मेलन

पश्चिम प्रदेश की मांग को मिलेगी नई धार: 18 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा में महा संगठन सम्मेलन

ग्रेटर नोएडा। पश्चिम प्रदेश निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को तेज करने की दिशा में पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में मोर्चे के केंद्रीय पदाधिकारियों ने 18 अप्रैल 2026 को महा संगठन सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की।यह सम्मेलन गुर्जर भवन, परी चौक, ग्रेटर नोएडा (जनपद गौतमबुद्ध नगर) में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के 142 विधानसभा क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे। मोर्चा इसे पश्चिम प्रदेश निर्माण की दिशा में निर्णायक पहल मान रहा है।प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। इनमें राजधानी और हाईकोर्ट की दूरी, प्रशासनिक जटिलताएं, असंतुलित विकास, क्षेत्रीय रोजगार के अवसरों की कमी और संसाधनों के असमान बंटवारे जैसे मुद्दे शामिल हैं। इन विषयों पर विस्तृत चर्चा के साथ संगठन अपनी आगामी रणनीति भी जनता के सामने रखेगा।संगठन मंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय अस्मिता और जन-आकांक्षाओं की आवाज को बुलंद करने का मंच होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता की भागीदारी और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए यह आंदोलन निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र चौधरी, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बाल्यान और पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र माटी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई वरिष्ठ राजनेता और समाजसेवी भी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे। आयोजन के दौरान संगठन आगामी चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र और कार्ययोजना भी प्रस्तुत करेगा।प्रेस वार्ता में संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट सतपाल यादव, केंद्रीय महासचिव कर्नल सुधीर कुमार, संगठन महामंत्री ओमवीर सिंह बीरवाल और संगठन मंत्री जसबीर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए जनता से अपील की कि वे इस लोकतांत्रिक विमर्श का हिस्सा बनें और क्षेत्र के विकास की दिशा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button