युवा पावरलिफ्टर अथर्व सिंह तोमर ने एशियाई स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम किया रोशन
युवा पावरलिफ्टर अथर्व सिंह तोमर ने एशियाई स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम किया रोशन

हापुड़/धौलाना। तहसील धौलाना क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा निवासी युवा पावरलिफ्टर अथर्व सिंह तोमर ने एशियाई स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। महज 22 किलोग्राम बॉडी वेट वर्ग में खेलते हुए अथर्व ने 62.5 किलोग्राम वजन उठाकर अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।11 जनवरी को 54.5 किलोग्राम वजन उठाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले अथर्व ने 40 दिन बाद 21 फरवरी को दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में आयोजित WRPF एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 62.5 किलोग्राम वजन उठाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। अथर्व की सफलता के पीछे उनके पिता डॉ. राहुल तोमर और माता डॉ. प्रियंका की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। पिता जहां प्रशिक्षण और तकनीकी पक्ष को मजबूत करते हैं, वहीं माता संतुलित आहार, अनुशासन और मानसिक संबल प्रदान कर अथर्व को निरंतर प्रेरित करती हैं। उनके दादा डॉ. प्रेमपाल सिंह तोमर भी मार्गदर्शक के रूप में समय-समय पर प्रेरणा देते रहे हैं।अथर्व की उपलब्धि के बाद अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग उपकरण निर्माता कंपनी Sturdy International ने उन्हें जूनियर ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। इसके अतिरिक्त Big Bull Nutra ने भी उन्हें अपना जूनियर ब्रांड एंबेसडर बनाया है। कंपनी का प्रमुख स्टोर पिलखुवा में पिलर नंबर 30 के सामने स्थित है, जहां ‘स्वस्थ ग्रह’ संचालित जिम के संचालक निखिल चौधरी ने अथर्व को भविष्य का चैंपियन बताते हुए कहा कि वह आने वाले समय में देश के लिए बड़े कीर्तिमान स्थापित करेंगे।अथर्व की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सिखेड़ा गांव, धौलाना क्षेत्र एवं पूरे जनपद में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि इसी तरह मेहनत और समर्पण जारी रहा तो अथर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम और ऊंचा करेंगे।




