रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग सीजन-3: मुंबई मीटियोज को कोलकाता थंडरबोल्ट्स के खिलाफ सीधे सेटों में मिली हार
रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग सीजन-3: मुंबई मीटियोज को कोलकाता थंडरबोल्ट्स के खिलाफ सीधे सेटों में मिली हार
शफी मौहम्मद सैफी
चेन्नई, 7 मार्च 2024: कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने गुरुवार को यहां जवाहरलाल नेहरू इंडोर में मुंबई मीटियोज को सीधे सेटों में 15-12, 16-14, 15-11 से हराकर A23 द्वारा संचालित रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग के तीसरे सीजन में जीत के साथ लीग चरण में अपने अभियान को समाप्त किया। प्रभाकरण को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड के लिए चुना गया।मैच में प्रभाकरण ने कोलकाता थंडरबोल्ट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन शुभम की सुपर सर्व ने मुकाबले की गति को मुंबई की तरफ शिफ्ट कर दिया। इसके बाद सौरभ मान ने डिफेंस में बेहतरीन प्रदर्शन करके मुकाबले को जिंदा रखा। प्रभाकरण ने जोन 4 से अटैक करना शुरू कर दिया, इससे थंडरबोल्ट्स की टीम को मैच में बने रहने में मदद मिली। इसके बाद विनीत कुमार ने सुपर पॉइंट जीतकर थंडरबोल्ट्स को बढ़त दिला दी। आदित्य राणा के ब्लॉक के दम पर मुंबई की टीम मैच में बनी हुई थी और उन्होंने विनीत के अटैक को रोकना शुरू कर दिया था। अमित गुलिया ने हवाई हमले जारी रखे और मुंबई को वापसी का मौका मिल गया। राकेश के ऑलराउंड प्रदर्शन ने थंडरबोल्ट्स को बढ़त दिलाने में मदद की और मुंबई की टीम बैकफुट पर चली गई। अश्वल राय के अटैक ने थंडरबोल्ट्स को एक और सुपर पॉइंट दिलाकर मैच को कोलकाता की तरफ कर दिया। प्रभाकरण के स्पाइक्स की बदौलत थंडरबोल्ट्स खुद को मैच में आगे बनाए हुई थी जबकि लगातार गलतियों के कारण मुंबई को नुकसान होने लगी। अमित के लगातार अटैकिंग खेल से मुंबई को थोड़ी राहत जरूर मिली। लेकिन ‘काका’ के नाम से मशहूर प्रभाकरण और राकेश ने मुंबई की डिफेंस में सेंध लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद विनीत ने अपनी टीम को एक और सुपर पॉइंट दिला दिया और इससे मुंबई मीटियोज की टीम दबाव में आ गई। इसके बाद अर्जुन नाथ की अगुवाई में बेहतरीन ब्लॉक के दम पर कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने एकतरफा जीत हासिल कर ली।