जनपद में एलपीजी के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध चल रहा सघन जांच अभियान
जनपद में एलपीजी के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध चल रहा सघन जांच अभियान

गौतमबुद्धनगर।जनपद में एलपीजी गैस के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित उपजिलाधिकारी/नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बांट माप विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। इसी क्रम में विगत दिवस गठित टीमों द्वारा जनपद में विभिन्न स्थानों पर जांच की गई। जांच के दौरान तहसील दादरी के अंतर्गत संचालित गैस एजेंसी मैसर्स साहिल एचपी गैस सर्विस, मैसर्स बालाजी एचपी गैस सर्विस, ग्राम पटाडी नगर नोएडा में मैसर्स भारद्वाज भारत गैस, ग्राम पृथला में मैसर्स राजेश भारत गैस, सेक्टर-122 नोएडा में मेहुल भारत गैस, ग्राम हरौला में मैसर्स कोमल भारत गैस, सेक्टर 20 ग्रेटर नोएडा में मैसर्स सिद्ध लक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी, ग्राम लुक्सर में मैसर्स सांई विनय भारत गैस एजेंसी तथा तहसील जेवर में मोनू एचपी गैस एजेंसी ग्राम दयानंतपुर व मैसर्स प्रबुद्ध भारत गैस एजेंसी ग्राम थोरा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपरोक्त गैस एजेंसी पर एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर्याप्त संख्या में पाई गई तथा एजेंसियों पर पैसो, वेट तथा मेजरमेंट आदि लाइसेंस सही पाये गये।जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया अन्य टीमों द्वारा तहसील दादरी में मैसर्स शर्मा फिलिंग स्टेशन बिसहाड़ा एवं मैसर्स नोएडा ऑटोमोबाइल सेक्टर-14 नोएडा की जांच की गई। जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर पैसो, वेट तथा मेजरमेंट आदि लाइसेंस सही पाए गए एवं स्वच्छ पेयजल, हवा एवं शौचालय साफ-सुथरे पाए गए। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में उपरोक्तानुसार जांच अभियान निरंतर संचालित किया जाता रहेगा, ताकि एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता तथा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने यह भी बताया कि दिनांक 13.03.2026 को “एक्स” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक न्यूज चैनल पर चली न्यूज़ की वीडियो शीर्षक “घर चुल्हा छोड़ महिलाएं कतारों में खड़ी और भाजपा कर रही-ये सब अफवाह है, भाई वाह शीर्षक के नाम से पोस्ट की गई है। उक्त वीडियो को जनपद गौतमबुद्धनगर (नोएडा) से संबंधित बताते हुए प्रसारित किया जा रहा है। इस संबंध में तथ्यात्मक जांच किए जाने पर पाया गया कि वीडियो के बैकग्राउंड में इंडेन गैस एजेंसी का पता Crossing Republic, Dundahera, Ghaziabad-201016 प्रदर्शित हो रहा है, जिससे स्पष्ट है कि यह वीडियो जनपद गौतमबुद्धनगर से संबंधित नहीं है। अतः सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह वीडियो गौतम बुद्ध नगर से संबंधित नहीं है। साथ ही जनपदवासियों को आश्वस्त किया जाता है कि जनपद गौतमबुद्धनगर में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति सुचारु रूप से की जा रही है।




